Spread the love

छत्तरपुर। शीलिंग पब्लिक स्कूल में छात्रों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में छतरपुर जिले के प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. साकेत गुप्ता ने लगभग 200 छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
इस स्वास्थ्य परीक्षण में डॉ. गुप्ता ने बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया, जैसे लम्बाई का न बढ़ना और लम्बाई के अनुसार वजन का सही अनुपात में न बढ़ना। उन्होंने इन समस्याओं के संभावित कारणों और उनके समाधान के लिए उपयोगी परामर्श भी दिया। डॉ. गुप्ता ने अभिभावकों को बच्चों के पोषण और शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर भी मार्गदर्शन दिया।
शिविर के दौरान अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया, जहां उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य से संबंधित अपनी शंकाओं और समस्याओं पर चर्चा की। डॉक्टर ने व्यक्तिगत रूप से हर अभिभावक की चिंताओं का समाधान किया और उनके बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए व्यावहारिक सुझाव दिए।
विद्यालय के संचालक संजीव नगरिया ने कहा, यह स्वास्थ्य शिविर न केवल बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बल्कि उनके मानसिक और शैक्षणिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए भी महत्वपूर्ण है। इस मौके पर प्राचार्य श्रीमती सोम्या सिंह एवं अकादमिक हेड श्रीमती ख्याति चतुर्वेदी ने भी डॉ. गुप्ता के योगदान की सराहना की और उन्हें विद्यालय परिवार की ओर से धन्यवाद दिया। विद्यालय प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *