
औद्योगिक क्षेत्र मोहासा में 18 हजार करोड़ निवेश से लगभग 24 हजार से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार: मुख्यमंत्री डॉ यादव
नर्मदापुरम। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के आयोजन पर शनिवार को नर्मदापुरम पहुंचे मुख्यमंत्रीमुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र मोहासा समूचे नर्मदापुरम के विकास का केंद्र बनेगा। सतपुड़ा का यह क्षेत्र आज नया इतिहास लिखने जा रहा है। औद्योगिक विकास के लिए मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किए गए प्रयासों में नर्मदापुरम को अपार सफलता प्राप्त हुई है। जिसमें न केवल त्वरित गति से मोहासा बाबई सौर ऊर्जा पार्क की भूमि को 227 से 884 एकड़ बढ़ाई गई बल्कि 20 औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए भूमि आवंटन पत्र का भी वितरण किया गया है। औद्योगिक क्षेत्र मुहासा में 18 हज़ार करोड़ निवेश से लगभग 24 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह, मुख्य सचिव अनुराग जैन, सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, विधायक डॉ सीतासरन शर्मा, विधायक सोहागपुर विजयपाल सिंह, विधायक सिवनीमालवा प्रेमशंकर वर्मा तथा प्रमुख सचिव मध्यप्रदेश औद्योगिक निवेश एवं प्रोत्साहन विभाग राघवेन्द्र सिंह, कलेक्टर नर्मदापुरम सुश्री सोनिया मीना, एसपी डॉ.गुरकरन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र मोहासा नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में स्थापित होने जा रही। प्रत्येक औद्योगिक इकाइयों द्वारा लगभग 2 हजार करोड़ से अधिक का निवेश किया जा रहा है। जिससे सोहागपुर, इटारसी, सिवनीमालवा, पिपरिया, पचमढ़ी के स्थानीय युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा। रोजगार के लिए होने वाला पलायन रुकेगा। महज 2 से 3 सालों में ही संपूर्ण नर्मदापुरम का आर्थिक परिदृश्य बदलेगा। ईमानदार और कर्मशील नर्मदापुरम की जनता औद्योगिक विकास में सहायक बनेगी। नर्मदापुरम वन संपदा, भू संपदा, बेहतर रोड कनेक्टिविटी रेल कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं के साथ औद्योगिक विकास के लिए सबसे अनुकूल हैं।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश को औद्योगिक हब बनाने और रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए उज्जैन, जबलपुर, रीवा, ग्वालियर, सागर के पश्चात अब छठी रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव नर्मदापुरम में संपन्न हो रही हैं। लेकिन सभी औदयोगिक विकास के इन प्रयासों में नर्मदापुरम को कम समय में सबसे अधिक सफलता मिली है। निवेशकों को औद्योगिक पार्क मोहासा की विशेषता तथा केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे वित्तीय अनुदान को हमने सीधा फायदा निवेशकों को देने का निर्णय लिया है और अत्यंत कम दरों पर जमीन उपलब्ध करवाई गई है।
