
एक लाख 70 हजार से अधिक 5 वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जायेगी पोलियो रोधी दवा
नरसिंहपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में 10 दिसम्बर 2024 तक जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के बच्चों को पालियो रोधी दवा पिलाई जायेगी। शासन द्वारा एक लाख 70 हजार 329 बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुनील पटैल को नोडल अधिकारी बनाया गया है। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत पहले दिन 8 दिसम्बर को बूथ पर दवाई पिलायेगी। इसके बाद 9 एवं 10 दिसम्बर को घर- घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई जायेगी। अभियान के अंतर्गत जिले में कुल 1335 टीमें गठित की गई हैं। इनमें 2670 सदस्य, 43 मोबाइल टीम व 51 ट्राजिट टीम बनाई गई है। इसके साथ- साथ ड्यू लिस्ट के अनुसार हितग्राहियों की वर्तमान टीकाकरण की स्थिति का भी आंकलन करेगी। पूर्णत: असुरक्षित एवं आंशिक सुरक्षित बच्चों की सूची तैयार कर पोषण दिवसों में चिन्हित बच्चों का टीकाकरण भी किया जायेगा, ताकि सम्पूर्ण टीकाकरण का संकल्प पूर्ण किया जा सके। उल्लेखनीय है कि पड़ोस के देशों में पोलियो की बीमारी अभी भी विघमान है तथा माईग्रेटरी जनसंख्या के माध्यम से पोलियो का खतरा हमारे देश में भी बना हुआ है। अत: आने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान अंत्ययत महत्वपूर्ण है। इसके लिए प्रशिक्षित टीम के सदस्यगण जहॉ बूथ, बस स्टेंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहे, प्रायमरी स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्रों में पल्स पोलियो की दवा पिलाई जायेगी। एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए मोबाइल दल घुम्मकड़ आबादी तथा बंजारा बस्ती, ईट भट्टा, सुगर मिल, गुड़ भट्टी, निर्माणधीन, मजदूर परिवार आदि सुदूर स्थलों में जाकर बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलायेगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी आमजन नागरिकों से अपील की है कि वे स्वप्रेरित होकर अपने 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा जरूर पिलायें, ताकि बच्चों को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य दिला सकें। यह हम सबकी जिम्मेदारी है।
