Spread the love

जबलपुर। बरगी विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को सीमेंट क्रांक्रीट सड़क और नाली की एक साथ सौगात मिली, जिसका भूमिपूजन महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और बरगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज सिंह ठाकुर के नेतृत्व में किया गया। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और विधायक नीरज ठाकुर ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्य के तहत दादा ठन ठन पाल वार्ड क्र. 72 के कंचन बिहार गली नं. 04/05 सप्तऋषि कॉलोनी में आरसीसी नाली निर्माण और कचनार सिटी के ए लाइन में एम-30 सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया, जिसका कुल अनुमानित खर्च ₹30 लाख है। विधायक नीरज ठाकुर ने बताया कि यह एक बहुप्रतीक्षित परियोजना थी, जिसका हम सभी ने प्रयास किया था और आज वह रंग लाई। इससे क्षेत्रीय नागरिकों को भारी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि वार्ड में विकास कार्यों का भूमिपूजन कर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, और जल्द ही उच्च गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप सीमेंट क्रांक्रीट सड़क और नाली का निर्माण कार्य पूरा कर नागरिकों को समर्पित किया जाएगा। इससे न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और पानी निकासी भी बेहतर हो सकेगी।
इस अवसर पर महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा समान रूप से सभी विधानसभा क्षेत्रों के वार्डों में अवसंरचना और विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि विकास कार्यों को गति दी जा रही है और यह निरंतर जारी रहेगा।
भूमिपूजन के अवसर पर वरिष्ठ पदाधिकारी श्रीमती अश्वनी परांजपे, एमआईसी सदस्य विवेक राम सोनकर, पार्षद श्रीमती अर्चना कुलदीप सिसोदिया, मंडल अध्यक्ष धीरज पटेल, शिव पटेल, महामंत्री प्रमोद पटेल, सप्तऋषि समिति के अध्यक्ष आर.एस. दुबे और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *