

दमोह : मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश जैन ने बताया प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत चिन्हित उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली महिलाओं की विशेषज्ञ जांच हेतु सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सहित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में पी.एम.एस.एम.ए. क्लीनिक के तहत विशेषज्ञ स्वास्थ्य जांच हर माह की 09 एवं 25 तारीख को सतत रूप से की जा रही है। अभी तक चिन्हित जोखिम गर्भावस्था वाली 3,149 महिलाओं में से 1,658 का प्रसव कराया जा चुका है। इसी क्रम में आज प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत स्त्री रोग विशेषज्ञ अथवा स्किल लैब प्रशिक्षित चिकित्सकों की उपस्थिति में स्वास्थ्य संस्थाओं में लगाये गये विशेष स्वास्थ्य जांच क्लीनिक में 454 गर्भवती महिलाएं लाभान्वित हुई।
क्लीनिक में पहुंची सभी गर्भवती महिलाओं की जी.डी.एम. जांच की गई। आवश्यकतानुसार आयरन सुक्रोज भी लगाये गये। गर्भावस्था दौरान खान-पान, आराम एवं जोखिम के लक्षणों के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया गया। क्लीनिक में पहुँची सभी गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क आयरन एवं कैल्शियम टेबलेट का वितरण भी किया गया। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी द्वारा सिविल अस्पताल हटा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बटियागढ़ में लगाये गये विशेष स्वास्थ्य जांच क्लीनिक में दी जा रही सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। क्लीनिक दौरान प्रदायित की जा रही सेवाओं, व्यवस्थाओं में गुणात्मक सुधार लाने के निर्देश मौके पर ही संबंधित सी.बी.एम.ओ. को दिये।
हटा में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता त्रिवेदी द्वारा जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण दौरान 16 महिलाओं की सोनोग्राफी जांच भी की गई। संस्था में 88 गर्भवती महिलाएँ लाभान्वित हुई। जबकि बटियागढ़ में डॉ. श्रद्धा गंगेले द्वारा 44 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिला स्तर से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों डी.टी.ओ, डी.पी.एम., डी.सी.एम. द्वारा भी स्वास्थ्य संस्थाओं का भ्रमण कर दी जा रही सेवाओं पर निगरानी रखी गई।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी ने बताया कि विशेष स्वास्थ्य जांच क्लीनिक में मल्टीग्रेविडा (दो या दो से अधिक बार गर्भवती), काम वजन, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, रक्ताल्पता, प्रीवियस एल.एस.सी.एस., जैसे स्वास्थ्य समस्याओं वाली गर्भवती महिलाओं ने विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवा का लाभ लिया। विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य जांच-परीक्षण एवं आवश्यकतानुसार नैदानिक जांच आधार पर गर्भवती महिलाओं को समुचित उपचार सेवा दी गई।
खंड स्तर पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान अंतर्गत आयोजित विशेष जांच क्लीनिक दौरान बटियागढ़ में डॉ. श्रद्धा गंगेले, पथरिया में डॉ. प्रियंका छाबड़ा, तेन्दूखेड़ा में डॉ. रवेन्द्र सिंह, जबेरा में डॉ. पूर्वशी राय, हिण्डोरिया में स्किल लैब प्रशिक्षित ए.एम.ओ. ज्योति, पटेरा में डॉ. प्रतिभा पाठक, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दमोह में डॉ. प्रियंका शर्मा ने अपनी सेवायें दी।
