
बालाघाट। डबल मनी मामले में लांजी पुलिस को सफलता मिली है। काफी दिनों से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में लांजी थाना क्षेत्र के खर्रेगांव निवासी विजय पिता डिलेश्वर कालबेले (36) और सोमेन्द्र पिता अशोक भटेरे (29) को गिरफ्तार किया है।
लांजी थाना से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में डबल मनी के संबंध में पुलिस थाना लांजी में 2 फरवरी 2023 को अनेक आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 406, 120-बी भादंवि, 21(1), 21(2), 21(3) अनियमित जमा योजना प्रतिबंध अधिनयम 2019 के तहत प्रकरण पंजीबध्द किया गया था। लांजी पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश कर गिरफ्तारियां की जा रही है। उक्त प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विजय कालबेले और सोमेन्द्र भटेरे को 10 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। लांजी पुलिस ने बताया कि एसपी नगेन्द्र सिंह ने प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है। इसी क्रम में थाना लांजी पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैहर केएल बंजारे, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) लांजी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में डबलमनी के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई में थाना लांजी प्रभारी निरीक्षक दिनेश सोलंकी, उनि संजय सिंह किरार, आरक्षक नरेन्द्र सोनवे, दिलीप यादव, विजय सिसोदिया, आशुतोष सिंह, भूपेन्द्र नागवंशी, महिला आरक्षक गोमती टेकाम का योगदान रहा।
