Spread the love

खंडवा में आरोपी ने घात लगाकर की हत्या; पुलिस पहुंची तो लाश के पास बैठा मिला
खंडवा। खंडवा में एक युवक ने जादू-टोने के शक में पड़ोसी की हत्या कर दी। आरोपी ने घात लगाकर कुल्हाड़ी से हमला किया और गर्दन काट दी। उसकी पत्नी को गालियां भी दी। सूचना मिलने पर पुलिस जब वहां पहुंची तो आरोपी लाश के पास ही बैठा मिला। उसे गिरफ्तार कर लिया है। उस पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात 2 बजे की है। बोरगांव चौकी क्षेत्र के छनेरा के रहने वाले रामनाथ (53) पिता पूरन धानक रात में पेशाब करने के लिए बाहर निकला। इसी दौरान नंदू (22) पिता जालम धानक ने कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर अलग कर दी।
पुलिस को कुल्हाड़ी दिखाकर डराया
पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी लाश के सामने बैठा था। उसके हाथ में कुल्हाड़ी थी, वह उसके पास आने वाले लोगों को धमका रहा था। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। रात 4 बजे पुलिस वहां पहुंची तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों को भी डराया। काफी मशक्कत के बाद उसके हाथ से कुल्हाड़ी छीनी और हिरासत में लिया।
परिवार पर जादू-टोने करने का था शक
पुलिस ने बताया कि आरोपी नंदू पीथमपुर में एक फैक्ट्री में काम करता है। दो दिन पहले ही पीथमपुर से गांव आया था। उसे शक था कि पड़ोसी रामनाथ जादू-टोना करता है। उसके परिवार को किसी भी काम में सफलता नहीं मिल रही थी। आरोपी को पता था कि मृतक रात में पेशाब के लिए बाहर निकलेगा। वह कुल्हाड़ी लेकर घर के बाहर बैठा रहा, जैसे ही रात में पेशाब के लिए पड़ोसी बाहर निकला, उसने हमला कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *