Spread the love

मेगा शिविर के संबंध कलेक्टर श्री कोचर ने जारी किये निर्देश

दमोह : भारत सरकार एवं राज्य शासन के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं के लाभ उनके पात्र हितग्राहियों तक समय-सीमा में पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में 11 दिसम्बर से 26 जनवरी 2025 तक ‘’मुख्यंमंत्री जनकल्याण अभियान’’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के दौरान चिन्हित योजनाओं एवं सेवाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान कर शत प्रतिशत सैचुरेशन लाया जाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य् है।

            कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा है मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त विकासखण्ड मुख्यालय स्तर पर प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक मेगा शिविर आयोजित किये जायें। मेगा शिविर 21 दिसम्बर को विकासखण्ड पटेरा,  26 दिसम्बर को विकासखण्ड दमोह 03 जनवरी को विकासखण्ड हटा, 08 जनवरी को विकासखण्ड तेन्दूखेड़ा, 15 जनवरी को विकासखण्ड पथरिया, 18 जनवरी को विकासखण्ड जबेरा एवं 23 जनवरी 2025 को विकासखण्ड बटियागढ़ में आयोजित किये जायेंगे।

            कलेक्टर श्री कोचर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मेगा शिविरों के आयोजन हेतु संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नोडल अधिकारी रहेंगे, इनके सहयोग हेतु मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी रहेंगें, जो मेगा शिविर में आयोजन की सम्पूर्ण तैयारी करेंगे। शिविरों में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाये एवं उन्हीं के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित कराये जायें। उपरोक्तानुसार मेगा शिविर के आयोजन शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र को समाहित करते हुये किये जायेंगे। मेगा शिविरों के पूर्व संपूर्ण विकासखण्ड (शहरी / ग्रामीण ) क्षेत्र में शिविरों के आयोजन का प्रचार-प्रसार किया जाये। उन्होंने कहा है मेगा शिविर में मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान अंतर्गत चिन्हित हितग्राही मूलक योजनाओं के एवं सेवाओं के पृथक-पृथक काउंटर लगाये जाये। मेगा शिविरों में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा वृहद रूप से स्वास्थ्य परीक्षण केम्प आयोजित किया जाये एवं दिव्यांगों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र (UDID) के लिए पृथक से मेडीकल बोर्ड लगाया जाये। मेगा शिविर में पर्याप्त संख्या ‍में CSC, MP-online एवं आधार ऑपरेटर्स मय कम्प्यूटर/लेपटॉप के उपस्थिति, जिला प्रबंधक ई-गर्वनेंस द्वारा सुनिश्चित कराई जाये।

            मेगा शिविर के पूर्व जिन ग्रामों/वार्डों में शिविर आयोजित हो चुके होंगे उनके पात्र आवेदकों को हितलाभ वितरण का कार्य भी मेगा शिविर में किया जायेगा एवं नवीन आवेदन भी प्राप्त किये जाये। सभी विभाग शिविर के दौरान लगाये गये काउंटर पर जो आवेदन प्राप्त करेंगे उनको निर्धारित ‘’प्रारूप-अ’’ में पंजीबद्ध करके संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत को शिविर के अंत में उपलब्धी करायेंगे।संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत / मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्राप्त सूची अनुसार आवेदनों का पंजीकरण ग्राम पंचायतवार / वार्डवार शिविर प्रभारियों के माध्यम से सी.एम. हेल्प लाईन पोर्टल पर दर्ज करायेंगे। मेगा शिविर के दौरान आनंद विभाग द्वारा आनंदम गतिविधियों का आयोजन भी किया जायेगा। शिविर में लगाये गये काउंटर पर संबंधित विभाग के विभाग प्रमुख, विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी एवं उनके अधिनस्थ कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से रहेगी एवं संबंधित विभागों द्वारा अभियान में चिन्हित योजनाओं / सेवाओं से संबंधित फ्लेक्स/बेनर लगाये जाये। शिविर में आने वाले आवेदकों के लिए पेयजल एवं अस्थाई शौंचालय की व्यवस्था मुख्य  कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा की जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *