
फरियादी पर गुस्साते बोला इसने मुझसे धोखा किया
इन्दौर। एक ट्रैप कार्रवाई में लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने अगले साल रिटायर होने वाले जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सुधीर मोदी को प्राइवेट अस्पताल की शिकायत का निराकरण करने के लिए 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते उसी के घर पर रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस ट्रैप कार्रवाई में पकड़े जाने पर डॉ सुधीर मोदी बोला कि फरियादी ने उसके साथ धोखा किया है। लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय के अनुसार आरोपी चौसठ वर्षीय डॉ. मोदी जो कि मुख्य जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय धार के पद पर पदस्थ है उनको लोकायुक्त टीम ने श्याम हॉस्पिटल धार के प्रबंध संचालक आशीष चौहान की शिकायत पर ट्रैप कर पकड़ा। लोकायुक्त एस पी के अनुसार डॉ मोदी ने फरियादी आशीष चौहान के हॉस्पिटल के संबंध में शिकायत प्राप्त होना बताकर उसके निबटाने के लिए 25 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। इसकी शिकायत आशीष चौहान ने लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय से की थी। शिकायत सत्यापन पश्चात शिकायत सही पाए जाने पर डीएसपी लोकायुक्त अनिरुद्ध वाधिया के नेतृत्व में टीम गठित कर योजना बनाई गई जिसमें आरोपी डॉ. मोदी ने फरियादी को रिश्वत के पैसे लेकर अपने धार स्थित निवास पर बुलाया था। फरियादी ने जैसे ही आरोपी को 25 हजार रुपए दिए, वैसे ही डीएसपी अनिरुद्ध वाधिया के नेतृत्व में टीम ने उसे धर दबोचा।
