
जन शिक्षा केंद्र उदयपुर में पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा
इन्दौर । लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने एक ट्रैप कार्रवाई में जन शिक्षा केंद्र के जन शिक्षक मनीष भावसार को जन शिक्षा केंद्र उदयपुर में पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा।नौकरी से हटाने की धमकी देकर हर साल 10 हजार रुपए देने की मांग आरोपी ने अतिथि शिक्षक से की थी। मामले में लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय के अनुसार आरोपी माध्यमिक जन शिक्षा केंद्र उदयगढ़ अलीराजपुर में जन शिक्षक है। वहीं फरियादी खीमा अजनार अतिथि शिक्षक के पद पर प्राथमिक शाला तडवी फलिया ग्राम बावड़ी फलिया ब्लॉक उदयगढ़ तहसील जोबट जिला अलीराजपुर में पदस्थ है। आरोपी मनीष भावसार ने 26 नवंबर 2024 को फरियादी शिक्षक के स्कूल का निरीक्षण किया और निरीक्षण दौरान फरियादी को विद्यार्थी कम होना बताकर नौकरी से हटाने की धमकी देकर कहा कि अगर नौकरी में रहना हो तो तुम्हें मुझे हर साल 10,000 रुपए देना होंगे वरना नौकरी से हटवा दूंगा। आरोपी द्वारा नौकरी से हटाने की लगातार दी जा रही धमकियों से परेशान होकर उसने लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की थी। शिकायत सत्यापन के बाद डीएसपी दिनेश चंद्र पटेल के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई करते जन शिक्षा केंद्र उदयपुर में आरोपी जन शिक्षक मनीष भावसार को पांच हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा।
