

कल होगा आमंत्रण पत्रिका का विमोचन एवं पात्र सम्मान समारोह
जबलपुर – नगर के बड़ा फुहारा स्थित श्री 1008 महावीर दिगंबर जैन मंदिर में श्री आचार्य कुंदकुंद दिगंबर जैन वीतराग मंडल एवं जैन युवा फेडरेशन के तत्वावधान में श्री महावीर स्वामी दिगंबर जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की आमंत्रण पत्रिका विमोचन की खुशी में श्री चौबीस तीर्थंकर विधान का आयोजन किया गया।
जिनशासन सेवक दीपक राज जैन ने बताया कि मंगलकारी विधान में प्रमुख रूप से बाल ब्रह्मचारी सुमतप्रकाशजी जैन, प्रतिष्ठाचार्य रजनी भाई दोशी हिम्मतनगर, पंडित राजेन्द्रकुमार जैन, बा. ब्र. श्रेणिक जैन, डॉक्टर मनोज जैन, विराग शास्त्री, मंडल अध्यक्ष अशोक जैन, फेडरेशन अध्यक्ष संजय जैन सहित बड़ी संख्या में जिनवाणी तत्वरसिक जिनशासन सेवकों ने सम्मिलित होकर चौबीस तीर्थंकर भगवंतों का मंगलकारी गुणगान किया।
होगा पत्रिका विमोचन –
मंडल अध्यक्ष अशोक जैन ने बताया कि कल मंगलवार को प्रातः 8 बजे से गुजराती मंडल भवन सिविक सेंटर में 2 से 7 फरवरी तक होने वाले श्री महावीर स्वामी दिगंबर जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की आमंत्रण पत्रिका का विमोचन एवं पात्र सम्मान समारोह का आयोजन रखा गया है जिसमें सम्मिलित होकर धर्म लाभ लेने की अपील सकल जैन समाज से मंडल एवं फेडरेशन द्वारा की गई है।
सौधर्म इंद्र एवं शचि इंद्राणी की हुई अगुवानी –
10 से 15 दिसंबर तक गुरसराय में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमे संस्कारधानी के जिनशासन सेवक अनुभव जैन को सौधर्म इंद्र एवं पूजा जैन को शचि इंद्राणी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ जो संस्कारधानी के लिए गौरव की बात है, पंचकल्याणक महोत्सव की मंगलमय पूर्णता कर 16 दिसंबर को उनका जबलपुर आगमन हुआ जिनका मंडल एवं युवा फेडरेशन सहित सकल जैन समाज द्वारा आत्मीय अभिनंदन कर मंगलमय शुभकामनाएं दी गई।
