
रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन
बालाघाट। देश के गृह मंत्री अमित शाह के संसद भवन में बाबा साहब आंबेडकर पर टिप्पणी करने का बौद्ध संघ ने विरोध जताया है। गुरुवार को संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को भडक़ाने का अपराध पंजीबद्ध करने की मांग की गई है।
गुरुवार को बौद्ध अनुयायियों ने भरवेली से रैली निकाली। जो विभिन्न रास्तों का भ्रमण करते हुए जिला मुख्यालय पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने आंबेडकर चौक पर पहुंचकर बाबा साहब आंबेडकर की पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि 17 दिसंबर को देश के गृह मंत्री अमित शाह ने संसद सत्र के दौरान डॉ. बाबा साहब आंबेडकर पर टिप्पणी की है। इस टिप्पणी से आंबेडकर अनुयायियों की भावनाएं आहत हुई है। जबकि भारत के संविधान में डॉ. बाबा साहब आंबेडकर ने किसी भी धर्म को मानने की स्वतंत्रता दी है। लेकिन गृह मंत्री अमित शाह द्वारा किसी एक धार्मिक वर्ग के पक्ष में धार्मिक भावना भडक़ाकर भगवान का मानने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। जिससे अन्य धर्मों के मानने वालों की भी भावनाएं आहत हुई है। इतना ही नहीं गृह मंत्री ने डॉ बाबा साहब आंबेडकर को नीचा दिखाने की भी कोशिश की है। इस परिस्थिति में गृह मंत्री के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने का अपराध पंजीबद्ध किया जाना चाहिए। इतना ही नहीं गृह मंत्री को तत्काल ही देश और आंबेडकर अनुयायियों से माफी भी मांगना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने अनेक बातें कही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
