
जबलपुर। मंडल रेल प्रबंधक विवेक शील के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा के निर्देशन में जबलपुर मंडल पर यात्रियों को ट्रेनों में आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समय-समय पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 दिसम्बर 2024 को देवरी स्टेशन पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक ग्रेसियस नाजरत की अगुवाई में टिकट निरीक्षकों की एक टीम ने सुबह 06 बजे से दोपहर 02 बजे तक किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया।
इस अभियान में वाणिज्य विभाग के 49 टिकट चेकिंग स्टाफ के सहयोग से स्टेशन के बाहर निकलने वाले सभी रास्तों की घेराबंदी की गई, ताकि कोई भी यात्री बिना चेकिंग के स्टेशन से बाहर न निकल सके। इस दौरान आरपीएफ और जीआरपी बल भी मौजूद थे।
अभियान के दौरान 14 यात्री गाड़ियों की चेकिंग की गई, जिनसे लगभग 856 यात्रियों से जुर्माना के रूप में 5 लाख रुपये से अधिक की राशि वसूली गई। इनमें से कई यात्री डेली अपडाउन करने वाले एमएसटी धारक थे, जो आरक्षित कोचों में यात्रा कर रहे थे। इसके अलावा अनियमित टिकट लेकर और अनाधिकृत रूप से यात्रा करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई।
इस जांच अभियान में ट्रेन संख्या 11705 जबलपुर-रीवा (शटल) एक्सप्रेस, 11274 प्रयागराज छिउकी-इटारसी एक्सप्रेस, 12190 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर महकौशल एक्सप्रेस, 22190 रीवा-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित अन्य कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की जांच की गई। इसके साथ ही प्लेटफार्म पर बिना प्लेटफॉर्म टिकट के घूमने वाले यात्रियों, अवैध वेंडरों, ऑटो चालकों और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि यह विशेष जांच अभियान रेलवे के आदेश पर जारी रहेगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी यात्री उचित टिकट के साथ यात्रा करें। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें, क्योंकि प्रतिक्षा सूची ई-टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट पर यात्रा की अनुमति नहीं है।
