
जिला मुख्यालय में हुआ विरोध प्रदर्शन
जबलपुर। कांग्रेस पार्टी ने भाजपा के गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और उनके पोस्टर जलाए। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा नेताओं और मंत्रियों द्वारा संविधान का मजाक उड़ाया जा रहा है और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान किया जा रहा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में बाबा साहेब का घोर अपमान किया है।
कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी अपने समूचे सांसदों के साथ कई दिनों से संविधान विरोधी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। उनका कहना था कि लोकतंत्र के मंदिर मानी जाने वाली संसद में जनता द्वारा चुने गए सांसदों के खिलाफ इस प्रकार की आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर भारत के संविधान और उसके रचनाकार बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा शासन ने शांतिपूर्वक संसद में प्रवेश कर रहे कांग्रेस सांसदों के साथ धक्का-मुक्की की और इसके बाद राहुल गांधी के खिलाफ झूठी एफ.आई.आर. दर्ज कराई। इस विरोध को लेकर आज कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं मध्य प्रदेश सह प्रभारी चंदन यादव के नेतृत्व में जबलपुर जिला मुख्यालय के सामने अमित शाह के पोस्टर जलाए गए।
जबलपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि जब तक गृहमंत्री अमित शाह बाबा साहेब अंबेडकर के चरणों में माफी नहीं मांगते और अपनी संसदीय सीट से इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें जबलपुर के सह प्रभारी लक्ष्मण सिंह, दिनेश यादव, विनय सक्सेना, राजेश तिवारी, अमरीश मिश्रा, राजेश सोनकर, गुड्डू चौबे, संतोष पंडा, गुड्डू नवी, राजेश यादव और अन्य शामिल थे।
