Spread the love

सैर सपाटे के लिए जाने वालों को किया अलर्ट …….. तेंदुए ने मादा चीतल का कर चुका है शिकार
बालाघाट । रेंजर कॉलेज बालाघाट परिसर में तेंदुए ने दस्तक दे दी है। तेंदुए की दस्तक के साथ ही वन अमला भी सक्रिय हो गया है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात्रि वन अमले ने रेंजर कॉलेज परिसर, बजरंग घाट क्षेत्र का भ्रमण किया। साथ ही सुबह-शाम सैर सपाटे के लिए पहुंचने वालों को अलर्ट भी किया है। वन विभाग ने रेंजर कॉलेज और बजरंग घाट क्षेत्र में लोगों से नहीं आने की अपील भी की है।
जानकारी के अनुसार रेंजर कॉलेज और बजरंग घाट क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की रात्रि तेंदुए ने एक मादा चीतल का शिकार कर लिया था। इसकी जानकारी शुक्रवार की सुबह वन अमले को मिली थी। घटना स्थल पर तेंदुए के पैरों के निशान भी देखे गए थे। जिसके बाद से वन विभाग सक्रिय हो गया है। रेंजर कॉलेज और बजरंग घाट क्षेत्र में आने वाले लोगों को अलर्ट भी किया। ताकि किसी भी प्रकार की हिंसक घटना न हो सकें। तेंदुए की दस्तक के बाद वन विभाग से एसडीओ अनिता फुलबेले, परिक्षेत्र अधिकारी धर्मेंद्र बिसेन, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी अजय चौरे ने वन कर्मचारियों के साथ पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया।
शहरी क्षेत्र से लगा हुआ है रेंजर कॉलेज
रेंजर कॉलेज शहरी क्षेत्र से लगा हुआ है। रेंजर कॉलेज परिसर और बजरंग घाट हरित क्षेत्र में आता है। जिसके चलते यहां बड़ी संख्या में रोजाना सुबह-शाम सैर-सपाटे के लिए लोग आते हैं। लेकिन इस हरित क्षेत्र में हिंसक वन्य प्राणी की दस्तक ने सभी की नींद उड़ा दी है। खासतौर पर वन विभाग इससे ज्यादा बेचेन है। हालांकि, वन विभाग इस मामले को लेकर लगातार सतर्कता बरत रहा है। लोगों को इस क्षेत्र में आने से मना कर रहा है।
भ्रमण के दौरान भी देखे गए पैरों के निशान
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गश्त के दौरान भी तेंदुए के पैरों के निशान देखे गए हैं। जिसके चलते तेंदुए के आसपास होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, तेंदुआ न तो वन विभाग को और न ही अन्य लोगों को नजर आया। लेकिन सतर्कता के लिहाज से सभी को अलर्ट कर दिया गया है।
चीतल, हिरण, जंगली सूकर आते हैं नजर
रेंजर कॉलेज परिसर और बजरंग घाट क्षेत्र में आमतौर पर चीतल, हिरण, जंगली सूकर नजर आते हैं। सैर-सपाटे के लिए पहुंचने वाले लोगों ने भी इन वन्य प्राणियों को आसानी से देखा है। लेकिन हिंसक वन्य प्राणी तेंदुए की दस्तक ने सभी को चिंता में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *