
महाकाल अन्न क्षेत्र के किचन में हादसा; हालत देखकर 3 कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ी
उज्जैन। उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के अन्न क्षेत्र में एक हादसे में महिला कर्मचारी की मौत हो गई। महिला यहां आलू-प्याज छीलने वाली मशीन पर काम कर रही थी। इसी दौरान मशीन में दुपट्टा फंसने से उसके गले में फंदा कस गया। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसा शनिवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। महिला की पहचान रजनी खत्री (30) के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत मशीन बंद की। रजनी के गले से फंदा निकालकर उसे अवंतिका अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही तहसीलदार रुपाली जैन और एसडीएम एलएन गर्ग जिला अस्पताल की मर्चुरी पहुंचे। महाकाल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अन्न क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए जा रहे हैं।
परिवार को 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता
एसडीएम गर्ग ने बताया कि रजनी खत्री बीते 7 साल से महाकाल मंदिर में बतौर आउटसोर्स कर्मचारी काम कर रही थी। बीते एक वर्ष से उसकी ड्यूटी अन्न क्षेत्र में खाना बनाने और परोसने में लगी थी। वह पति से अलग रह रही थी। 12 साल का बेटा है। हाल ही में लगी हाईटेक मशीन में वह रोजाना की तरह सुबह आलू-प्याज छीलने का काम कर ही रही थी। एसडीएम ने रजनी के परिवार को 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की बात कही है।
