Spread the love

मडगांव की जगह कल्याण की ओर मुड़ गई
मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल (सीएसएमटी)-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई। दरअसल, ट्रेन मडगांव जा रही थी, लेकिन ठाणे जिले के दीवा स्टेशन पर तकनीकी खराबी के कारण वह दूसरे रास्ते पर चली गई। ट्रेन के दूसरे रास्ते पर जाने से गोवा की यात्रा में 90 मिनट की देरी हुई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कोंकण जाने वाली ट्रेनों द्वारा इस्तेमाल होने वाला दिवा-पनवेल रेलवे मार्ग पर पनवेल स्टेशन की ओर बढ़ने के बजाय एक्सप्रेस ट्रेन सुबह छह बजकर 10 मिनट पर कल्याण की ओर मुड़ गई। इस घटना के कारण मध्य रेलवे पर मुंबई की लोकल ट्रेन सेवाओं में देरी हुई।
रेलवे ने बताया कि घटना दिवा जंक्शन पर डाउन फास्ट लाइन और पांचवीं लाइन के बीच बिंदु संख्या 103 पर सिग्नलिंग और दूरसंचार प्रणाली में गड़बड़ी के कारण हुई। दिवा जंक्शन से कोंकण की ओर जाने वाली सभी ट्रेन नियमित मार्ग पर पनवेल स्टेशन जाती हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई, जिसके बाद वह कल्याण स्टेशन पहुंच गई। इसके बाद वह दिवा जंक्शन पर वापस लौटी और फिर ट्रेन ने दिवा-पनवेल मार्ग पर मडगांव के लिए रवाना किया गया।
रेलवे ने बताया, “ट्रेन पांचवीं लाइन से होकर करीब सात बजकर चार मिनट पर कल्याण स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर पहुंची। ट्रेन को सात बजकर 13 मिनट पर छठी लाइन से होते हुए दिवा स्टेशन पर वापस लाया गया।” जून 2023 में शुरू की गई सीएसएमटी-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल से सुबह पांच बजकर 25 मिनट पर रवाना होती है और उसी दिन दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर गोवा के मडगांव पहुंचती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *