
बालाघाट। कलेक्टर मृणाल मीना ने बुधवार को सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र, रजेगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और रजेगांव में ही निर्माणधीन सीएम राइज स्कूल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रजेगांव सरपंच ने कलेक्टर को बताया कि नेशनल हाइवे बनने से गांव में पानी निकासी की समस्या होने लगी है। कलेक्टर मीना ने तत्काल एनएचएआई को रजेगांव में बड़े पाइप लगाने के निर्देश दिए। रजेगांव में 2 मंजिला निर्माणधीन सीएम राइज स्कूल का निरीक्षण भी कलेक्टर ने किया। उन्होंने सीएम राइज स्कूल के सम्बंध में एसडीओ पीआईयू कमलेश मंडराह से जानकारी ली। एसडीओ द्वारा बताया गया कि अगस्त माह में स्कूल बनकर तैयार होगा। इस स्कूल में बास्केटबॉल ग्राउंड के अलावा 200 मीटर रनिंग ट्रेक, 8 लेब और 2 लायब्रेरीयुक्त दो मंजिला भवन है। कलेक्टर ने सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य से स्कूल के संबंध में जानकारी लेनी चाही। लेकिन वे मौके पर उपस्थित नहीं थे। जिसके चलते कलेक्टर ने उनका प्रभार बदलने के निर्देश दिए।
रजेगांव पीएचसी की वाटर प्रूफिंग कराने के निर्देश
कलेक्टर मीना ने रजेगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डॉक्टर से केंद्र में प्रतिदिन की ओपीडी, डिलेवरी व रेफर प्रकरणों की जानकारी ली। साथ ही केंद्र के कक्षों का अवलोकन करने पर देखा कि प्रसव कक्ष की दीवारों में नमी उतर आई है। तो एनएचएम के इंजीनियर को केंद्र का वॉटर प्रूफिंग कराने के निर्देश दिए है। कलेक्टर मीना ने दवाइयों की भी जांच की। एसडीएम कार्तिकेय जायसवाल से कहा कि भूमि आवंटन के दस्तावेज देखें और परिसर को बाउंड्रीवाल युक्त करने की आवश्यकता बताई। इस दौरान एसडीओ शिव भास्कर भी मौजूद रहे।
