Spread the love

मार्ग पर लगाया चेतावनी बोर्ड, लोगों से की न आने की अपील
तेंदुए के तलाश में जुटा वन अमला

बालाघाट। तेंदुआ वन विभाग की नजरों से दूर हो गया है। हालांकि, खौफ अभी भी बना हुआ है। चेतावनी के बाद भी रेंजर कॉलेज परिसर में लोगों का आवागमन बदस्तूर जारी है। बुधवार को वन विभाग ने रेंजर कॉलेज से बजरंग घाट पहुंच मार्ग के गेट को तालाबंद कर दिया है। साथ ही जगह-जगह चेतावनी बोर्ड भी लगा दिया है। ताकि किसी भी प्रकार की कोई हिंसक घटना न होने पाए।
जानकारी के अनुसार रेंजर कॉलेज, बजरंग घाट और मनका टेकरी परिसर में अभी भी तेंदुए का विचरण जारी है। तेंदुए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है। जिसके चलते तेंदुए का पता नहीं चल पा रहा है। वन अमला भी लगातार गश्त कर तेंदुए की खोज में जुटा हुआ है। लेकिन अभी तक तेंदुए का पता नहीं चल पाया है। उल्लेखनीय है कि तेंदुए ने बीते दिनों एक मादा चीतल का शिकार किया था। जिसके बाद से उसकी मौजूदगी रेंजर कॉलेज परिसर में बनी हुई है। हिंसक वन्य प्राणी की मौजूदगी के चलते वन विभाग ने रेंजर कॉलेज परिसर में भ्रमण पर प्रतिबंध भी लगाया था। लेकिन सैर-सपाटे के लिए लोगों का आना-जाना लगातार जारी है। हालांकि, तेंदुए ने अभी तक किसी भी इंसान पर हमला नहीं किया है। लेकिन उसकी मौजूदगी होने से हमले से इंकार भी नहीं किया जा सकता।
पेड़ों में मिले खरोंच के निशान
रेंजर कॉलेज क्षेत्र में गश्त कर रहे वन अमले को पेड़ों में खरोंच के निशान मिले हैं। यह खरोंच किसी वन्य जीव के नाखूनों की है। हालांकि, वन अमला इसे तेंदुए के नाखूनों के खरोंच मान रहा है। जिसके चलते वन अमले ने तेंदुए के इसी परिसर में होने की संभावना बताई है। जो अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण कर रहा है। ऐसे में क्षेत्र में भ्रमण में पहुंचने वाले लोगों पर तेंदुए के हमले की संभावना अधिक बनी हुई है।
वन अमला लगातार कर रहा है गश्त
तेंदुए की आमद के साथ ही वन अमला लगातार गश्त कर रहा है। समूह में वनकर्मचारी रेंजर कॉलेज से बजरंग घाट, मनका टेकरी क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग कर रहा है। लेकिन अभी तक वन अमले को तेंदुआ कहीं भी नजर नहीं आया है। बताया गया है कि बजरंग घाट और मनका टेकरी क्षेत्र में घना जंगल है। नदी-नाले भी इस क्षेत्र में है। जिसके चलते तेंदुए के जंगल में कहीं छिपे होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।
शिकार की तलाश में भटक रहा तेंदुआ
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार तेंदुआ शिकार की तलाश में यहां-वहां भटक रहा है। दरअसल, रेंजर कॉलेज परिसर में घना जंगल हैं। यहां पर वन्य जीव मसलन हिरण, चीतल, जंगली सूकर सहित अन्य प्राणियों की संख्या अधिक है। जिसके चलते हिंसक वन्य प्राणी उनके शिकार के लिए यहां पहुंचा है। तेंदुए के एक मादा चीतल का शिकार भी किया है। जिसके बाद से उसकी मौजूदगी बनी हुई है।
चेतावनी बोर्ड से सचेत करने का प्रयास
रेंजर कॉलेज परिसर, बजरंग घाट और मनका टेकरी क्षेत्र जंगलों से परिपूर्ण हैं। जिसके चलते लोग सुबह-शाम यहां पर भ्रमण पर पहुंचते हैं। लेकिन तेंदुए की मौजूदगी ने उनकी नींद उड़ा रखी है। बावजूद इसके लोगों का आवागमन बदस्तूर जारी है। वन विभाग ने यहां अप्रिय घटना से बचने के लिए जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाया है। लोगों को इस क्षेत्र में नहीं आने की अपील भी कर रहा है। ताकि किसी भी प्रकार की हिंसक घटना न होने पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *