
लालबर्रा पुलिस ने बालाघाट स्थित निवास से किया गिरफ्तार
बालाघाट । धान उपार्जन केंद्र कर्मचारी से मारपीट के आरोप में लालबर्रा पुलिस ने पूर्व सांसद कंकर मुंजारे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह गिरफ्तारी उनके आवास से की है। रविवार की दोपहर करीब एक बजे लालबर्रा पुलिस जिला मुख्यालय पहुंची। जो कोतवाली थाना बालाघाट पुलिस के साथ गोंदिया रोड स्थित मुंजारे निवास पर पहुंची। जहां से पूर्व सांसद कंकर मुंजारे को गिरफ्तार कर लालबर्रा थाना ले जाया गया। गिरफ्तारी के दौरान मौके पर मुंजारे समर्थकों का हुजूम रहा। जिन्होंने पुलिस कार्रवाई को गलत ठहराते हुए मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। गिरफ्तारी होने तक मौके पर गहमा-गहमी का माहौल रहा।
बता दें कि पूर्व सांसद कंकर मुंजारे बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे के पति है। वे अपने समर्थकों के साथ 27 दिसंबर को लालबर्रा क्षेत्र के धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। मुंजारे का कहना था कि किसानों की धान का अधिक तौल किया जा रहा है। शिकायत मिलने पर वे धान खरीदी केन्द्र पहुंचे थे। इस दौरान धान उपर्जान केन्द्र मोहगांव धपेरा कर्मचारियों के साथ गाली गलौच व मारपीट करने का आरोप मुंजारे पर लगा है। सोसायटी कर्मचारी नंदकिशोर दशरिए की शिकायत पर लालबर्रा पुलिस ने कंकर मुंजारे सहित चार लोगों पर धारा 296, 115 (2) 351 (2), 3 (5) भारतीय न्याय संहिता 294,323, 506, 34 आईपीसी के मामला दर्ज भी किया हुआ है।
