
एक अब भी फरार, पहले ही पुलिस ने पकड़े थे दो हत्यारे
छतरपुर। बमीठा थाना पुलिस ने मंगलवार को हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इधर मामले में दो दिन पहले 2 आरोपियों को जेल भेजा गया। अभी तक इस मामले में 3 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। वहीं एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने बताया कि 26 दिसंबर को थाना बमीठा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेठी में आरोपियों ने गांव के मनीराम के साथ मारपीट कर उसे चोट पहुंचाई थी। इलाज के दौरान मनीराम की जिला अस्पताल में मौत हो गई थी।घटना स्थल से एकत्रित साक्ष्य, मृतक के परिजनों के कथनों के आधार पर हत्या की घटना को अंजाम देने वाले 4 नामजद आरोपियों के विरुद्ध थाना बमीठा में भारतीय न्याय संहिता एवं एससी एसटी एक्ट की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया था।उक्त घटना में 2 आरोपियों रामप्रताप सिंह परमार और ज्ञानेंद्र सिंह परमार को पहले गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वहीं आज घटना से जुड़े तीसरे आरोपी अरविंद सिंह परमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। आरोपियों के पास से घटना में उपयोग हुई कुल्हाड़ी और डंडा जब्त किया गया है।आरोपी रामप्रताप सिंह के विरुद्ध मारपीट, अवैध वसूली व एससी एसटी के चार-चार अपराध थाना बमीठा और सटई में कुल 8 अपराध पूर्व से दर्ज हैं। वहीं आरोपी ज्ञानेंद्र सिंह भी अपराध में पूर्व से लिप्त है। अन्य आरोपी की तलाश व विवेचना कार्रवाई जारी है। इधर शांति और सुरक्षा की दृष्टि से ग्राम बरेठी में पुलिस बल तैनात है।
