Spread the love

पीआईसी सूची से हटाया, समर्थन करने वाले पार्षदों को सौंपे प्रभार

टीकमगढ़। नगर पालिका में अविश्वास प्रस्ताव का मामला ठंडा होते ही नपाध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने विरोध में शामिल कांग्रेसी पार्षदों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उन्होंने पीआईसी सूची में शामिल 2 कांग्रेसी और 1 निर्दलीय पार्षद को हटाकर अपने समर्थित कांग्रेसी पार्षदों को प्रभार सौंपा है। बुधवार को सीएमओ शिवी उपाध्याय ने इस संबंध में पत्र जारी कर दिया है।दरअसल, 2022 में नगर पालिका चुनाव के बाद कांग्रेस पार्षद राखी ध्रुव यादव, जसवंत वाल्मीक, मधु नायक, अनीस अहमद, नफीसा बानो, ऊषा सुरेंद्र सोनी को पीआईसी सदस्य बनाकर अलग-अलग विभागों का दायित्व सौंपा गया था। साथ ही निर्दलीय चुनाव जीतकर कांग्रेस का समर्थन करने वाले हबीब राइन को राजस्व, वित्त लेखा विभाग का दायित्व सौंपा था। इनमें से तीन पीआईसी सदस्य जसवंत वाल्मीक, हबीब राइन और राखी यादव ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लगाया था। हालांकि शासन के नियमों में बदलाव के चलते अध्यक्ष को हटाने में नाकाम रहे। इसके बाद अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने पीआईसी सदस्यों की सूची में संशोधन कर दिया है।

विरोध में शामिल तीनों पार्षदों से विभाग छीनकर अन्य पीआईसी सदस्यों को दायित्व सौंप दिए हैं। जिसमें पूनम जायसवाल, अनीस खान, नफीसा बानो, अल्मी नाज बानो, ऊषा सुरेंद्र सोनी, मधु नायक और देवी दयाल अहिरवार को शामिल किया है।कांग्रेस पार्षद पूनम जायसवाल को सामान्य प्रशासन विभाग सौंपा गया है। अनीस अहमद को जल कार्य और सीवरेज विभाग, नफीसा बानो को लोक निर्माण उद्यान विद्युत और यांत्रिकी विभाग, अल्मीनाज बानो को राजस्व वित्त और लेखा विभाग, ऊषा सुरेंद्र सोनी को स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग, मधु नायक को योजना यातायात परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, देवीदयाल अहिरवार को शहरी गरीबी उपशमन विभाग सौंपा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *