Spread the love

5 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के प्रभार बदले
जबलपुर। अपनी पदस्थापना के दो महीने बाद पुलिस कप्तान सम्पत उपाध्याय ने कानून व्यवस्था में कसावट लाने और विभागीय कामकाज को चुस्त दुरुस्त बनाने और पारदर्शिता लाने के लिये नये सिरे से फील्डिंग जमाई है. अब तक शहर की ट्रैफिक व्यवस्था देख रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेण्डे को क्राइम ब्रांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है. समर वर्मा को क्राइम ब्रांच के प्रभार से मुक्त कर दिया गया. पुलिस विभाग में इसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा है. गौरतलब है कि इसके पहले पुलिस कप्तान ने क्राइम ब्रांच के 22 कर्मचारियों को लाईन अटैच कर दिया था, अब मुखिया को भी बदल दिया है. इसके बाद थाना प्रभारियों का नम्बर है. सूत्रों की मानें तो दो तीन थाना प्रभारी लाईन अटैच किये जा सकते हैं, तो वहीं पुलिस लाईन में पड़े निरीक्षकों को थानों का प्रभार मिल सकता है. एक दर्जन थाना प्रभारियों के इधर से उधर होने की संभावना जताई जा रही है. बहरहाल पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय ने जिले में पदस्थ 5 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के कार्यविभाजन में फेरबदल कर दिया है। लंबे समय से क्राइम ब्रांच के एएसपी रहे समर वर्मा को क्राइम से हटाकर उन्हें गोरखपुर, कैंट, बरगी और गढा संभाग सहित लाइजनिंग और प्रोटोकॉल की कमान सौंपी गई है। तो वहीं यातायात व्यवस्था संभाल रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेंडे को क्राइम ब्रांच के साथ-साथ संपत्ति संबंधी अपराध, अपराध थाना, सीसीटीएनएस, एनडीपीएस सहित अन्य प्रकरणों का नोडल बनाया गया है।
एएसपी शहर आईपीएस आनंद कलादगी को कोतवाली संभाग, ओमती, गोहलपुर, रांझी, माढोताल, अधारताल, लाइन, कानून एवं शांति व्यवस्था प्रोग्राम, जिला विशेष शाखा, पुलिस कंट्रोल रूम और डायल-100 का प्रभारी बनाया गया है।
एएसपी सुर्यकांत शर्मा को ग्रामीण में सिहोरा और पाटन अनुभाग के साथ मुख्यालय, चुनाव सेल, एसपी कार्यालय के कार्य, आर्म्स एक्ट संबंधी, पुलिस अधिकारी-जवानों के विरूद्ध दर्ज अपराध के मामलों का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
इसी तरह एएसपी सोनाली दुबे को ट्रेफिक की जिम्मेदारी के साथ महिला सुरक्षा शाखा, शिकायत शाखा, सीएम हेल्पलाइन, आलम्बन, पॉक्सो एक्ट, वेलफयर, उर्जा डेस्क सहित अजाक मामलों का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *