
संजीवनी नगर में घटना को लेकर पशुप्रेमियों में आक्रोश, पुलिस में शिकायत
जबलपुर। संजीवनी नगर में गत रविवार की देर शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक मकान में अचानक आग लगने से यहां पालतू 10 डॉग और कुछ पक्षियों की जलकर मौत हो गई| इस मामलें पर एक संस्था ने संज्ञान लेकर संजीवनीनगर थाने में लिखित शिकायत दी है| घटना के संबंध में बताया जाता है कि जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त घर पर कोई नहीं था| मकान में रहने वाली महिला किसी काम से घर से बाहर गई थी| उसका कहना है कि किसी ने शरारतपूर्ण घटना को अंजाम दिया है वहीं दूसरी और नगर निगम फायर बिग्रेड का कहना है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया है| उधर संजीवनी नगर पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है| इस दुर्घटना का दुखद पहलू यह है कि दस पालतू डॉग और कुछ पक्षियों की जलकर मौत हो गई| जबकि दो डॉग गंभीर रूप से झुलस गए। वही घर मे रखा घर गृहस्थी का सामान भी जलकर राख हो गया।
घटना के संबंध संजीवनीनगर थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे ट्रेक के पास किराए के मकान में रहने वाली कलकत्ता निवासी काजल कुंडू यहां कोचिंग क्लास चलाती थी| रविवार की शाम वह घर से किसी काम से बाहर गई थी उसी दौरान घर पर आग लग, जिसमें 10 डॉग जलकर मर गए, वहीं दो डॉग बुरी तरह झुलस गए, कुछ पक्षियों के जलने की भी खबर है| पशु प्रेमी आयुषी श्रीवास्तव ने संजीवनीनगर थाने में इस घटना की लिखित शिकायत की है कि और बताया है कि घटना कुछ संदिग्ध प्रतीत हो रही है| घटना के बाद उस मकान में रहने वाली महिला 24 घंटे के अंदर कलकत्ता चली गई, जिससे संदेह हो रहा है|
घटना की सूचना मिलते ही पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डॉग और पक्षियों की मौत हो चुकी थी। फायर ब्रिगेड अधीक्षक कुशाग्र ठाकुर ने कहा कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि, काजल कुंडू का आरोप है कि यह घटना किसी साजिश के तहत हुई है और किसी ने जानबूझकर आग लगाई है।
पड़ोसियों का कहना है कि महिला अपने जानवरों के प्रति काफी संवेदनशील थी और उन्हें परिवार की तरह देखती थी।
घटना के बाद से काजल बेहद सहमी हुई हैं और उन्होंने कोलकाता लौटने का फैसला किया है। वहीं, इस घटना ने पशु प्रेमियों को गहरा आघात पहुंचाया है। एक स्थानीय पशु प्रेमी दीपमाला ने कहा कि इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि दोषियों को सजा मिल सके। पड़ोसी आशीष सिन्हा ने बताया कि महिला हमेशा अपने जानवरों की देखभाल में लगी रहती थी, और यह घटना बेहद दुखद है।
