
अब संगठन में होंगे बदलाव, नए चेहरों को मिलेगा मौका…..
नर्मदापुरम । प्रदेश में सत्ताधारी भाजपा सरकार के महत्वपूर्ण संगठन का चुनावी प्रक्रिया के तहत भाजपा संगठन का कार्यकाल पूर्ण होने पर नए संगठन के गठन के तहत आखिर बुधवार रात कई दिनों से जिलाध्यक्ष पद को लेकर रायशुमारी और उस दौरान आए करीब 42 दावेदारों के नामों के बीच चल रहे घमासान के बीच सिवनीमालवा से भाजपा की सक्रिय पदाधिकारी जिला महामंत्री और नगर पालिका परिषद की वार्ड 05 की पार्षद प्रीति शुक्ला को संगठन ने जिलाध्यक्ष पद पर मनोनीत कर दावेदारों की उम्मीदो पर पानी फेर दिया हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर संगठन की जमीनी कार्यकर्ता प्रीति शुक्ला की घोषणा के बाद अब नर्मदापुरम जिले में भाजपा संगठन की कमान पहली बार मातृशक्ति को मिल गई है।आपके पति पवन शुक्ला भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता और व्यवसायी भी हैं और शुक्ला परिवार सिवनीमालवा का समाजसेवी परिवार है। प्रीति शुक्ला एक कर्मठ भाजपा की कार्यकर्ता होने के साथ ही जिला महामंत्री पद पर रही हैं और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पद पर भी पूर्व में रह चुकी हैं। अब सिवनीमालवा से वार्ड 5 से प्रीति शुक्ला पार्षद भी हैं और सामान्य परिवार से होने के साथ ही संगठन और क्षेत्र में इनका अपना एक अलग वजूद है। आम जनता के बीच उनकी एक बेहतर छवि है और संगठन ने काफी कशमकश के बाद आखिर महिला शक्ति को कमान सौंप कर अवगत करा दिया है कि भाजपा संगठन में छोटे से छोटे कार्यकर्ता का भी अपना एक अलग महत्व और वजन होता है।
