Spread the love

गुना। जिले की चाचोड़ा तहसील में गुरुवार को वन विभाग, राजस्व और पुलिस की सयुक्त टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए लगभग 900 बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है। वन विभाग ने यह कार्यवाही वन परिक्षेत्र बीनागंज के सहपरिक्षेत्र चाचोड़ा और बीनागंज के खेड़ी कमलपुर और देदला इलाके में की है वन भूमि को सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त करने के लिए गुना,राजगढ़ ब्यावरा,सुठालिया और राजस्थान से काफ़ी संख्या में जेसीबी और बुलडोजर मंगाए गए थे। अतिक्रमण विरोधी यह कार्रवाई ढाई सौ पुलिसकर्मी और लगभग 600 राजस्व और वन विभाग के अमले की मौजूदगी में हुई। यह अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई एसडीएम चाचोड़ा रवि मालवीय, एसडीओपी दिव्या राजावत और रेंजर सौरभ द्विवेदी के नेतृत्व में हुई है।
आपको बता दें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के सख्त निर्देश और क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के अपने संसदीय क्षेत्र में भूमाफियायों के बुलंद हौसलों से नाराज होने के तहत यह कार्यवाही की गई है। गत दिवस गुना दौरे पर आये सांसद सिंधिया ने अवैध कब्जों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इस पर जिला प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए आज इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *