
टक्कर लगने पर बदमाश ने चाकू मारी, देर रात गोहलपुर थाने का घेराव
जबलपुर। गोहलपुर थाना अतंर्गत अमखेरा रोड पर सोमवार की देर रात एक ई रिक्शा की टक्कर लगने से बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा चालक पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गए| इस वारदात में ई रिक्शा चालक की मौत हो गई, देर रात मृतक के परिजनो ने गोहलपुर थाने के सामने चका प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की| क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि दमोहनाका के आसपास और गोहलपुर बड़ा कुआं, चार खंबा क्षेत्र में रात भर होटलें और चाय पान की दुकानें खुली रहती है जहां शराबखोरों का जमावड़ा लगा रहता है| रात बे रात निकलने वालों को इन शराबखोर बदमाशों से भय बना रहता है यह घटना भी इसी का एक परिणाम है| नए साल के पहले महीनें में 21 दिनों के अंदर हत्या की यह चौथी वारदात हैं|
घटना के संबंध में पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गोहलपुर निवासी 28 वर्षीय मकबूल उर्फ टिंगू अंसारी सोमवार की रात अपने ई रिक्शा में अपनी पत्नी और बच्चें के साथ सुसराल से घर वापस आ रहा था, तभी रास्ते में अमखेरा रोड पर उसका ई रिक्शा एक बाईक से टकरा गया| इस हादसे में बाइक सवारों ने उसके साथ गालीगलौज की और बाईक के नुकसान होने पर हरजाना मांगा| उसने कहा कि पैसे नहीं तो बाईक सवार अज्ञातों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया| जिसे गंभीर हालत में इलाज के लिए मेडीकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया| इसके बाद मृतक के परिजनों और क्षेत्रीय जनों ने गोहलपुर थाना क्षेत्रों में बढ़ रहे अपराधों के खिलाफ बेहद आक्रोशित होकर प्रदर्शन किया| घंटो तक चकाजाम रहा| देर रात जैसे ही यह खबर फैली तो वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित जनों को शांत कराया| मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक को गंभीर माहौल में पुलिस सुरक्षा के बीच मंडी मदार टेकरी में सुपुर्द ए खाक किया गया| ऐहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात रहा| गोहलपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया| आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले जा रहे है|
रात भर खुली रहती है होटलें……………
क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप है कि गोहलपुर, चारखंभा, क्षेत्रीय बस स्टेंड दमोहनाका रात 12 बजे के बाद तक शराब दुकानें और भोजनालय, चाय पान की दुकानें खुली रहती है जहां अपराधिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है| शराब खोरी होनेके कारण वहां आमआदमी की निकलना दूभर होता है| गोहलपुर पुलिस रात्रि गश्त में भी इन दुकानों को बंद नहीं कराती| कई बार शिकायत करने के बाद भी पुलिस एक्शन नहीं लेती, दो तीन दिन की सख्ती के बाद हालत ढाक के तीन पात हो जाते है| क्षेत्रीय नागरिकों ने रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ साथ रात में सभी दुकाने बंद कराने की मांग की हैं खासकर दमोहनाका, बड़ा कुआं, मदार टेकरी क्षेत्र में रात्रिकालीन दुकानें बंद कराने सख्ती से मांग की है|
