Spread the love

भाई से कहा कि एक टुकड़े का अंतिम संस्कार तुम कर दो, एक टुकड़े का मैं कर दूंगा
शव के दो टुकड़े कर अलग-अलग अंतिम संस्कार की मांग

टीकमगढ़ । टीकमगढ़ में पिता की मौत के बाद दो बेटों के बीच उनके अंतिम संस्कार को लेकर विवाद हो गया। अंतिम यात्रा में शामिल होने आए नाते-रिश्तेदार और गांव के लोग उस वक्त हैरान रह गए, जब बड़े बेटे ने पिता के शव के दो टुकड़े कर अलग-अलग अंतिम संस्कार की बात कह दी।
लोगों ने उन्हें समझाया कि ऐसा नहीं हो सकता। लेकिन वह जिद पर अड़ गया। इस विवाद के बीच पिता का शव करीब 5 घंटे तक घर के बाहर जमीन पर पड़ा रहा। आखिरकार पुलिस बुलाना पड़ी। पुलिस ने जैसे तैसे समझाइश देकर शव का अंतिम संस्कार कराया। ये मामला जतारा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत ताल लिधौरा का है। जहां रविवार को 85 वर्षीय ध्यानी सिंह घोष का निधन हो गया था।
ध्यानी सिंह के दो बेटे हैं। छोटा बेटा दामोदर सिंह और बड़ा बेटा किशन सिंह। छोटे बेटे दामोदर ने पिता की देखभाल की थी। पिता की मौत के बाद वह उनके अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था। तभी बड़ा बेटा किशन सिंह अपने परिवार के साथ वहां पहुंच गया और पिता के अंतिम संस्कार करने की जिद करने लगा। दामोदर ने इसका विरोध किया, क्योंकि किशन और उनके परिवार ने पिता की बीमारी के दौरान उनकी देखभाल नहीं की थी। स्थिति तब और भी गंभीर हो गई जब किशन ने पिता के शव के दो टुकड़े करने की बात कह दी। उसने भाई से कहा कि एक टुकड़े का अंतिम संस्कार तुम कर दो, एक टुकड़े का मैं कर दूंगा। परिजनों और रिश्तेदारों की समझाइश का कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को विवाद की सूचना दी।
पुलिस ने समझाया, फिर हुआ अंतिम संस्कार
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बात की। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों की राय के अनुसार छोटे बेटे दामोदर को अंतिम संस्कार करने की अनुमति दी। पुलिस की मध्यस्थता के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस की मौजूदगी में छोटे बेटे दामोदर ने रविवार दोपहर 2 बजे के बाद पिता का अंतिम संस्कार किया। इस दौरान पुलिस के कहने पर बड़ा बेटा किशन और उसका परिवार भी वहां मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *