Spread the love

(राहुल जैन बक्सवाहा)
छतरपुर ! जिले के बक्सवाहा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ोही के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक 12 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा छतरपुर से जबलपुर जा रही एक स्कॉर्पियो कार के बक्सवाहा थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से हुआ। कार में सवार सभी लोग जबलपुर जिले के निवासी थे और वे छतरपुर अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए आए थे।

घटना के बाद बक्सवाहा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी घटनास्थल पर मदद का हाथ बढ़ाया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए राघव अग्रवाल (14 वर्ष), अभिषेक अग्रवाल (45 वर्ष), और सोनिया अग्रवाल (44 वर्ष) को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए बक्सवाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। चिकित्सकों ने उनकी हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें दमोह जिला अस्पताल रिफर किया और बाद में उन्हें जबलपुर के लिए रिफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। दुर्भाग्यवश, सड़क हादसे में मासूम अनुष्का अग्रवाल (12 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।घटना स्थल पर सबसे पहले टीकमगढ़ निवासी जैन परिवार पहुंचे, जिन्होंने तत्काल एंबुलेंस सेवा से घायलों को अस्पताल पहुंचाने का कार्य किया। जैन परिवार कुंडलपुर से लौट रहा था और रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा। वे बिना समय गंवाए मौके पर रुक गए और मदद के लिए आगे आए। अस्पताल प्रबंधन द्वारा एंबुलेंस सेवा का संचालन करने वाले चालक रामे पाटकार, रीतेश, और कृष्णकांत की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। उनके द्वारा दिखाए गए समर्पण और तत्परता के कारण घायलों को तुरंत इलाज मिल सका और उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ।बक्सवाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. रविराज के नेतृत्व में अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने भी घायलों को प्राथमिक उपचार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. रविराज और उनकी टीम के अन्य सदस्य डॉ. सचिन ठाकुर और गुड्डा अहिरवार की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली के कारण घायलों को सुरक्षित स्थान पर भेजने में मदद मिली। उनकी मदद से ही घायलों को जल्द से जल्द दमोह रेफर किया गया।

यह हादसा सुबह करीब आठ बजे गढ़ोही के पास हुआ, जब कार चालक ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया। कार सड़क से उतरकर आम के पेड़ से टकरा गई। चालक के सीट बेल्ट पहने होने के कारण एयर बैग खुल गए, जिससे चालक और सामने बैठे लोग कम घायल हुए। लेकिन, पीछे की सीट पर बैठी 12 वर्षीय मासूम अनुष्का अग्रवाल को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी गनेश यादव ने बताया कि दुर्घटना के बाद जब लोगों ने सभी घायलों को बाहर निकाला, तो उन्हें पता चला कि छोटी बिटिया की गर्दन सीट के बीच फंसी हुई थी, जिससे उसकी दुखद मौत हो गई।

उल्लेखनीय है कि घायल परिवार के सदस्य, छतरपुर में केंट व्यापारी संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल के मामा हैं। घायल अभिषेक पुणे में नौकरी करते हैं और वे अभी अपने गृह ग्राम जबलपुर आए थे। वह वहीं से मामा से मिलने के लिए अपनी स्कॉर्पियो से जबलपुर से छतरपुर आए थे और आज सुबह छतरपुर से जबलपुर लौटते समय यह दुर्घटना हुई।स्थानीय पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार चालक की लापरवाही या अन्य कारणों से यह हादसा हो सकता है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *