
गौमांस खाने सहित धर्मांतरण और निकाह का बनाया दबाव, आरोपी गिरफ्तार
इन्दौर । जैन समाज की एक महिला को मुस्लिम युवक जैन बन बरगलाकर अपने साथ ले आया और करीब ग्यारह महीने बंधक बना प्रताड़ित कर धर्मांतरण का दबाव बनाते निकाह करने का प्रयास कर गौमांस भी खाने को मजबूर किया। महिला अशोक नगर विदिशा की रहने वाली है और मामला देपालपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी लगने पर अशोक नगर के हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता देपालपुर पहुंचे और महिला को खोज उसे थाने लेकर गए। जहां पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी मुस्लिम युवक भादर पठान पर केस दर्ज कर लिया है। देपालपुर थाने में महिला ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि वह अशोक नगर की रहने वाली है। 2016 से इंदौर में सामान खरीदने के लिए आती-जाती रहती थी। बस में ही एक व्यक्ति मिला, जिसने अपना नाम समीर जैन बताया और महिला से बातचीत शुरु की। इसके बाद वह उसका फोन धोके से लेकर उसका नाम पता और अन्य जानकारियां हांसिल कर उसके घर अशोक नगर पहुंच गया। यहां से वह उसको बरगलाकर अपने साथ ले आया और देपालपुर में उसको बंधक बनाकर रखा। इतना ही नहीं वह उसे मारपीट कर उसका वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा। एक दिन वह उसे सांवेर लेकर गया और एक मौलाना को बुलाकर उससे निकाह करने लगा तब उसको उसकी असली पहचान पता चली कि उसका नाम समीर जैन नहीं बल्कि भादर पठान है। जब वह उसका विरोध करने लगी तो वह और भी धमकाने लगा तथा एक दिन घर पर पहली पत्नी और बच्चों को भी ले आया और कहने लगा कि अब इनकी देखभाल भी उसको करना पड़ेगी। यही नहीं उसने उस पर घर में गौमांस पकाने और खाने सहित कलमा पढ़ने का भी दबाव बनाया। करीब 11 माह तक वह उसको यातनाएं देता रहा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी भादर पठान पिता हुसैन खां पर केस दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया है।
