
प्रदर्शन : डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मरार माली समाज ने निकाली आक्रोश रैली
मंचीय कार्यक्रम में कांग्रेस नेत्री हिना ने भाजपा जिला अध्यक्ष कावरे पर कसा तंज
भाजपा जिला अध्यक्ष ने भी दिया जवाब, कहा सार्वजनिक मंच पर राजनीतिक बयानबाजी सही नहीं
बालाघाट। दुष्कर्म के आरोपी डॉ. गेडाम की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को मरार माली समाज ने सोमवार को लंाजी मुख्यालय में आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान मंचीय कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इस कार्यक्रम में सार्वजनिक रुप से राजनीतिक बयानबाजी सामने आई। जहां दो पूर्व विधायकों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक हिना कावरे ने भाजपा जिला अध्यक्ष रामकिशोर कावरे पर जमकर तंज कसा। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष कावरे ने भी जवाब देते हुए कहा कि सार्वजनिक मंच पर राजनीतिक बयानबाजी समाज के लिए सही नहीं है।
जानकारी के अनुसार उच्च न्यायालय के आदेश के बाद लांजी पुलिस ने 31 जनवरी को आशा सुपरवाइजर के साथ हुए दुष्कर्म मामले में अपराध दर्ज कर प्रकरण को जांच में लिया। इस मामले में लांजी पुलिस ने अब तक आरोपी पूर्व बीएमओ डॉ. प्रदीप गेडाम को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 10 फरवरी को लांजी मुख्यालय में मरार माली समाज ने आक्रोश रैली निकाली थी। साथ ही एक सार्वजनिक सभा का भी आयोजन किया। इस प्रदर्शन में मरारमाली समाज के प्रदेश अध्यक्ष और भाजपा जिला अध्यक्ष रामकिशोर कावरे, कांग्रेस की पूर्व विधायक पुष्पलता कावरे, हिना कावरे सहित बड़ी संख्या में सामाजिक लोग शामिल हुए। इस दौरान सभी ने समाज की महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी डॉ. प्रदीप गेडाम की जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
समाज के भाजपा जिला अध्यक्ष होने के बाद भी करना पड़ रहा प्रदर्शन-हिना कावरे
मंचीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक हिना कावरे ने कहा कि समाज से भाजपा के जिला अध्यक्ष रामकिशोर कावरे है। प्रदेश में भाजपा की सरकार है। बावजूद इसके उनके होते हुए भी समाज की एक महिला के दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए आक्रोश रैली निकालना पड़ रहा है। प्रदेश की भाजपा सरकार महिलाओं के लिए बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। लेकिन एक शासकीय कर्मचारी महिला की शिकायत लिखने के लिए महिला कर्मचारी नहीं है। उन्होंने कहा कि एक दलित महिला ने भाजयुमो जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सोहगपुरे पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इस मामले में सोहपुरे की गिरफ्तारी नहीं हो पाई। अब वह अग्रिम जमानत पर बाहर है। इसी तरह पुलिस भी दुष्कर्म के आरोपी डॉक्टर को अग्रिम जमानत के लिए समय दे रही है। विडंबना यह है कि समाज से भाजपा जिला अध्यक्ष होने के बाद भी सामाजिक लोगों को एफआइआर लिखवाने रैली निकालना पड़ता है। गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन करना पड़ता है। विपक्ष के लोग प्रदर्शन करते तो ठिक है। लेकिन नान्हो भैया के रहते यह प्रदर्शन करना कहां तक सही है। इसके अलावा उन्होंने डबल मनी मामले में भी पूर्व विधायक रामकिशोर कावरे पर तंज कसा। हिना ने कहा कि इसके अलावा डबलमनी का मामला भी गूंजा। सोमेंद्र कंकरायने ने डबल मनी को अंजाम दिया। अनेक लोगों के घर बर्बाद हो गए। लोगों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। एफआइआर होने में जमाना बीत गया लेकिन अभी तक कंकरायने गिफ्तार नहीं हुआ। दूसरी तरफ आमाडारे ने डबल मनी का कारोबार चलाया। नान्हो भैया आप जब मंत्री थे दबाव बनाकर अपना पैसा वसूल करवा लिया। बाकि लोग कहां जाएंगे? इसके अलावा उन्होंने अनेक बातें कही।
सार्वजनिक मंच पर आरोप-प्रत्यारोप लगाना समाजहित में सही नहीं-रामकिशोर कावरे
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष रामकिशोर कावरे ने भी राजनीतिक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पर उनकी पत्नी ने 376 का मामला कायम कराया है। कांग्रेस सरकार में ही 1999 में पूर्व मंत्री लिखिराम कावरे की हत्या की गई थी और साल 2017 में जब हिना कावरे विधायक थी तो उस वक्त किरनापुर विधानसभा के कटंगी में एक जाति विशेष के लोग समाज के लोगों पर अत्याचार कर रहे थे और हिना चुप बैठी थी। पूर्व मंत्री कावरे ने कहा कि वे यह समझ नहीं पा रहे हैं कि यह मंच राजनीति के लिए है या फिर उस पीडि़त महिला को न्याय दिलाने के लिए। यदि राजनीति की बात करुं तो बहुत पीछे तक जाएगा मामला। मै ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता। मरार समाज का बेटा हूं, मरार समाज में कोई भी घटना होती है तो अंदर से दर्द होता है। अपराधी किसी पार्टी का नहीं होता, उसकी कोई जाती नहीं होती। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में पद आएंगे-जाएंगे, सरकार आएगी-जाएगी। लेकिन सार्वजनिक मंच पर आरोप-प्रत्यारोप लगाना सही बात नहीं है।
