Spread the love

मृतक महिला नक्सलियों के पास से इंसास व एसएलआर रायफल जब्त
नक्सल उन्मूलन में लगे हॉकफोर्स और पुलिस जवानों का नक्सलियों से हुआ आमना-सामना


बालाघाट। नक्सल उन्मूलन में लगे जवानों को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को हॉकफोर्स और पुलिस जवानों का नक्सलियों से आमना-सामना हो गया। मुठभेड़ में जवानों ने चार हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराया है। मृतक महिला नक्सलियों के पास से जवानों ने इंसास, एसएलआर रायफल जब्त किए है। घटना के बाद से जंगलों में सर्चिंग तेज कर दी गई है। 12 से अधिक टीमों ने जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरु कर दिया है। घटना में और भी नक्सलियों के घायल होने की संभावना है। घटना कान्हा नेशनल पार्क के गढ़ी थाना क्षेत्र के सूपखार वन रेंज के रौंदा फारेस्ट कैंप के समीप हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सलियों के एक समूह के होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान थाना गढ़ी के सूपखार वन रेंज के रौंदा फारेस्ट कैम्प के समीप हॉकफोर्स व पुलिस जवानों का नक्सलियों के साथ आमना-सामना हो गया। जवानों को देखकर नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरु कर दी। घटना में चार नक्सलियों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिला नक्सली शामिल है। फिलहाल इन मृत नक्सलियों की पहचान नहीं हो पाई है। मुठभेड़ में मारे गई महिला नक्सलियों के पास से जवानों ने एक इन्सास रायफल, एक एसएलआर रायफल व एक .303 रायफल व दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री जप्त की है।
मुठभेड़ में और भी नक्सलियों के मारे, घायल होने की संभावना
इस मुठभेड़ में और भी नक्सलियों के मारे या घायल होने की संभावना है। जवानों ने मौके से तीन महिला नक्सलियों के शव को बरामद कर लिया था। बाद में सर्च ऑपरेशन के दौरान एक और नक्सली का शव मिला है। इससे संभावना जताई जा रही है कि घटना में अन्य नक्सली या तो घायल हुए होंगे या फिर उनकी मौत हुई है। हालांकि, घना जंगल होने के चलते नक्सली उसका फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए हैं। इधर, जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि सूपखार का क्षेत्र मप्र के मंडला जिले और छग राज्य के कवर्धा, कबीरधाम से लगा हुआ है। जिसके चलते इस क्षेत्र में नक्सलियों का मूवमेंट बना रहता है। इसी आधार पर सीमावर्ती क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
एक दर्जन से अधिक टीमें उतरी जंगल में
मुठभेड़ के बाद एक दर्जन से अधिक टीम सर्च ऑपरेशन के लिए जंगलों में उतर गई है। हॉकफोर्स, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन और जिला पुलिस बल के जवानों ने समीपस्थ क्षेत्रों में सर्चिंग तेज कर दी है। सर्च अभियान में छत्तीसगढ़ राज्य के जवानों से आपसी समन्वय स्थापित कर ऑपरेशन को अंजाम दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बालाघाट जिले में छत्तीसगढ़ राज्य के राजनांदगांव, कवर्धा कबीर धाम और मध्यप्रदेश के बालाघाट व मंडला जिले की सीमाएं आपस में मिली हुई है। ये सीमाएं कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र से लगी हुई है। दोनों राज्य जंगल के रास्ते आपस में जुड़े हुए है।
मलाजखंड, दर्रेकसा, विस्तार दलम के नक्सली हैं सक्रिय
जिले के जंगलोंं में नक्सली छोटे-छोटे दलों में भ्रमण कर रहे हैं। मलाजखंड दलम, दर्रेकसा दलम, विस्तार दलम के नक्सली सक्रिय है। ये नक्सली ग्रामीणों में अपनी पैठ बनाने के लिए सक्रियता बढ़ा रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र में महिला नक्सली दलम को लीड कर रही है। जिसके चलते इस क्षेत्र में महिला नक्सलियों की संख्या अधिक है। खासतौर पर छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र राज्य की सीमा से लगे क्षेत्रों में नक्सलियों का मूवमेंट ज्यादा बना हुआ है। बावजूद इसके नक्सल उन्मूलने में लगे हुए जवानों ने नक्सलियों के मंसूबों को विफल कर दिया है।
कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र में वर्ष 2023 के बाद दूसरी बड़ी सफलता
नक्सल उन्मूलन में लगे जवानों को कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र में बीते दो वर्षों में दूसरी बार बड़ी सफलता मिली है। इसके पूर्व कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र में वर्ष 2023 में दो मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में जवानों ने तीन इनामी नक्सलियों को मार गिराया था। वर्ष 2023 में 22 अप्रेल को कदला के जंगल में हुई मुठभेड़ में दो इनामी महिला नक्सली मारी गई थी। जिसमें भोरमदेव एरिया कमेटी मेम्बर सुनीता उर्फ सोमडी मंडावी (एसीएम) निवासी ग्राम नागराम थाना जगरगुण्डा जिला सुकमा (छग) और खटिया मोचा दलम एरिया कमेटी मेम्बर सरिता उर्फ बिज्जे निवासी ग्राम जोनागुडेम थाना चिंतलनार जिला सुकमा (छग) शामिल है। इसी तरह 14 दिसंबर को जवानों ने फिर से 14 लाख रुपए के इनामी नक्सली चैतु को मार गिराया था। यह मुठभेड़ गढ़ी थाना क्षेत्र के सूपखार एरिया में खमको दादार के जंगल में हुई थी। वहीं फरवरी 2025 में जवानों को फिर से एक बड़ी सफलता मिली है। इस बार जवानों ने चार महिला नक्सलियों को मार गिराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *