
कान्हा अंतर्गत किसली वन परिक्षेत्र की घटना
बालाघाट। कान्हा नेशनल पार्क में फिर से एक बाघ की मौत हो गई। मंगलवार को कान्हा टाइगर रिजर्व अंतर्गत वन भूमि कक्ष क्रमांक 40 (780) बीट चिमटा, वृत धंधार, वन परिक्षेत्र किसली से मादा बाघ का शव बरामद किया गया है। प्रारम्भिक जांच के बाद ज्ञात हुआ कि 12 वर्षीय मृत बाघ की मृत्यु का कारण आपसी संघर्ष था। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने शव का पीएम कर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।
उप संचालक कान्हा टाइगर रिजर्व से प्राप्त जानकारी अनुसार पोस्टमार्टम विशेषज्ञ वन्यजीव चिकित्सकों की टीम ने मादा बाघ के शरीर की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि सभी अंग सुरक्षित है। जिसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शवदाह, भस्मीकरण की कार्यवाही की गई। जिसमें संध्या आईएफएस वन संरक्षक कार्ययोजना बालाघाट, अमीता केबी आईएफएस उपसंचालक कान्हा और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही।
