भोपाल से किडनेप युवक की देलावाडी जंगल में हत्या करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने हैदराबाद से दबोचा, एक दर्जन महिलाओ से निकले अवैध संबंध
भोपाल। राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना इलाके से बीते साल दिसंबर माह में एक युवक का अपहरण कर फिरौती मांगने के साथ ही देलावाड़ी के जंगल में उसकी हत्या करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मास्टर माइंड मुख्य आरोपी अवकेश जायसवाल को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी जितेंद्र सिंह पवार ने जानकारी देते हुए बताया की अवकेष ने ही अपने साथी उत्कर्ष और आदर्श के साथ मिलकर फरियादी सूरज प्रजापति के बेटे संदीप का 2 दिसंबर को अपहरण किया था, और उसके बाद उसकी बहन को फोन कर फिरौती मांगी थी। जब फरियादी ने फिरौती नहीं दी तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बेरहमी से संदीप की हत्या कर दी थी। बाद में पुलिस ने उत्कर्ष की लाश देलावाड़ी के जंगल से बरामद की थी। पुलिस जांच में सामने आया है की मुख्य आरोपी अवकेश फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर मध्य प्रदेश व अन्य राज्यों में ट्रक ड्राइविंग का काम करता है। वह अब तक करीब पांच महिलाओं से शादी कर चुका है,साथ ही 6 से अधिक महिलाओं से उसके अवैध संबंध है। पुलिस पूछताछ में यह भी पता चला है की आरोपी अवकेश सीरियल क्रिमिनल टाइप का अपराधी है। उसके खिलाफ कई जिलों और प्रदेशों में कई अपराध पंजीबद्ध है। आरोपी खुद को अमीर व्यक्ति बताकर महिलाओं से संबंध बनाता था, और अपराध छुपाने के लिए महिलाओं का सहारा लेता था। उसने अपनी उम्र से आधी उम्र की लड़कियों को प्रेम जाल में फसाया हुआ था। आरोपी अवकेश मृतक संदीप की ममेरी बहन से भी शादी करना चाहता था। जिसकी जानकारी लगने पर संदीप ने इस शादी का विरोध किया था। इसका पता चलने पर अवकेष ने पहले तो उसका अपरहण किया और बाद में उसकी हत्या कर दी। डीसीपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पर 10 हजार का इनाम घोषित किया गया था। साथ ही कमिश्नरेट से भी आरोपी पर 30 हजार का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि सलकनपुर के जंगल में लापता संदीप की डेड बॉडी मिलने के बाद पुलिस ने हत्याकांड में शामिल उत्कर्ष नाम के आरोपी को पकड़ा था। उससे की गई पूछताछ में मुख्य आरोपी अवकेश जायसवाल का नाम सामने आने के बाद पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर हैदराबाद से अवकेश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है।
