Spread the love

जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस ने जबलपुर के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एलडीसी रवि बोहत को 33 सौ रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। यह कार्रवाई स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुशीला गुप्ता की शिकायत पर की गई। आवेदिका, सुशीला गुप्ता, जो कि राजा चौक स्थित मकसूद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आशा कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत हैं, ने लोकायुक्त के पुलिस अधीक्षक संजय साहू को एक लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में सुशीला ने बताया कि हर माह उन्हें शासन द्वारा विभिन्न मदों के तहत भुगतान मिलने चाहिए थे, लेकिन आरोपी रवि बोहत इन भुगतान राशियों में से अवैध रूप से हिस्सा मांग रहा था।
सुशीला के अनुसार, उन्हें 100 रुपये प्रति माह भुगतान पत्र, दो बच्चों के टीटी ऑपरेशन की राशि (1000 रुपये), नवजात शिशु देखरेख समिति द्वारा दिए गए 100 रुपये और महिला आरोग्य समिति की 5000 रुपये में से 2000 रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। इस माह, आरोपी ने 3300 रुपये की रिश्वत मांगी थी, जिसे लेकर उन्होंने शिकायत की और लोकायुक्त पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई।
लोकायुक्त के ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक सुरेखा परमार, इंस्पेक्टर शशिकला मस्कुले, इंस्पेक्टर जितेंद्र यादव, इंस्पेक्टर मंजू तिरकी, और उप निरीक्षक शिशिर पांडे के साथ पूरी टीम शामिल थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *