
कोर्ट केस में वकीलो की फीस और दोस्त की बर्थडे पार्टी के लिये थी पैसो की जरुरत
भोपाल। राजधानी की टीटी नगर थाना पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे हथियारो से लैस आधा दर्जन बदमाशो को दशहरा मैदान खंडहर से दबोचा है। बदमाशो ने बडा माल मिलने की उम्मीद करते हुए वारदात को अंजाम देने की पूरी योजना बना ली थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। थाना प्रभारी सुधीर अरजरिया ने बताया की ग्लोबल इन्वेसमेंट समिट को लेकर इन दिनो सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बीते दिन पैट्रौलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली की हथियारो से लैस कुछ सदिंग्ध युवक दशहरा मैदान खंडहर में बैठे है। खबर मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर 6 युवको को पकड़ लिया। मौके पर जहॉ कई शराब की खाली बोतले बिखरी पडी थी, वहीं बदमाशो के पास से ग्राईंडर मशीन, लोहे की रॉड, लोहे का सब्बल, स्टील की राड, धारदार हथियार, लोहे का पाईप, मोबाईल फोन मिलने पर पुलिस ने उनसे सख्ती से पूछताछ की। पहले तो आरोपियो ने अपने एक साथी का जन्मदिन मनाने की बात कही। लेकिन पुलिसिया अंदाज में हुई पूछताछ में उन्होनें बताया कि वह पीएंडटी चौराहा स्थित पैट्रोल पंप पर डकैती करने की तैयारी में हथियारो से लैस होकर आये थे। पुलिस ने बताया की पकड़े गये सभी आरोपी आदतन बदमाश है, जिनके अपराधिक प्रकरण अदालतो में चल रहे है। लेकिन वह केस लड़ने वाले वकीलो की फीस नही चुका पाते जिसके कारण पूर्व मे बदमाशो के वारंट निकल चुके थे। उनके एक साथी नरेन्द्र उर्फ काला का जन्मदिन भी आने वाला था। कोर्ट केस और दोस्त की बर्थडे पार्टी के लिये भी पैसो की जरुरत होने पर सभी ने डकैती की योजना बनाई थी। बदमाशो ने आगे बताया की बुधवार को नेहरू नगर मे हाट बाजार होने से पीएंडटी पेट्रोल पंप पर अधिक बिक्री होती है, और उन्हें उम्मीद थी की करीब 2 लाख की रकम मिल जायेगी।
*पकड़े गये बदमाश और उनका अपराधिक रिकार्ड
दबोचे गये बदमाशो में नरेन्द्र चावरिया उर्फ काला पिता नारायण प्रसाद चावरिया (31) निवासी बाणगंगा के खिलाफ करीब 2 दर्जन, मनीष भालाधरे पिता संतोष भालाधरे (21) निवासी बीडीए कालोनी अवधपुरी के खिलाफ 3, अमन चोटाले उर्फ मोन्टू पिता महेन्द्र चोटाले (22) निवासी बाणगंगा टीटी नगर के विरुद्वा 1दर्जन से अधिक अपराध टीटी नगर, मिसरोद, श्यामलाहिल्स, कमलानगर मे दर्ज है। चौथे बदमाश विकास नगरवार पिता राम नगरवार (28) निवासी बीडीए कालोनी अवधपुरी के खिलाफ 1प्रकरण, टीटू लोढेरे पिता महेश लोढेरे (20) निवासी बाणगंगा थाना श्यामला हिल्स के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मामले थाना टीटी नगर और श्यामलाहिल्स में दर्ज है। सुमित कोल पिता राजू प्रसाद कोल (18)निवासी बाणगंगा टी टी नगर के विद्वध आधा दर्जन अपराधिक प्रकरण थाना टीटी नगर और श्यामलाहिल्स मे दर्ज है। पुलिस आरोपियो से अन्य वारदातो के बारे में पूछताछ कर रही है।
