

सागर। कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल के विवादित बयान के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को सागर के बंडा में प्रदर्शन किया। मंत्री पटेल ने जनता की मांगों को भीख कहा था। इस बयान को लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। कांग्रेसी बरा चौराहे पर जमा हुए। पुतला दहन की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फायर फाइटर गाड़ी बुलाई गई। कांग्रेसियों ने विरोध में नारेबाजी शुरू की। इसी दौरान कुछ कांग्रेसी कैबिनेट मंत्री का पुतला लेकर आए और जलाने लगे। पुलिस ने उनसे पुतला छीन लिया। वहीं वाटर कैनन का उपयोग कर कांग्रेसियों को खदेड़ा। तभी अचानक कुछ कांग्रेसी दूसरा पुतला लेकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने विरोध करते हुए पुतला जलाया। मंत्री पटेल द्वारा जनता के आवेदनों को लेकर भीख मांगने की प्रवृत्ति बताया था।
पटेल को तत्काल पद से हटाने की मांग
कांग्रेसियों ने मंत्री पटेल को तत्काल पद से हटाने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी ने कहा कि जनता का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मंत्री को तत्काल पद से हटाना चाहिए। यदि उन पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस भोपाल में प्रदर्शन करेगी।
