
प्रेम प्रसंग से जुड़ रही खुदकुसी की घटना
जबलपुर। गौरीघाट थाना अतंर्गत सुखसागर वैली के समीप शुक्रवार की देर रात हनुमानताल निवासी 20 साल के देवेन्द्र कुमार उपाध्याय निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर एक टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पीएम के लिए भिजवाकर जांच शुरू की है। मामला प्रेम प्रसंग से जुडे होने की संभावना जताई जा रही है.
गौरीघाट पुलिस के अनुसार शुक्रवार की रात करीब 8:30 बजे सुखसागर वैली के पास स्थित भवन में रक्तरंजित लाश पड़ी होने की सूचना मिली थी। इस पर जब एक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की तो आसपास मौजूद लोगों ने मृतक की पहचान हनुमानताल निवासी चंद्रभूषण उपाध्याय के 20 वर्षीय पुत्र देवेन्द्र कुमार उपाध्याय के रूप में की।
इस दौरान यह भी पता चला है कि मृतक देवेन्द्र सेंट अलायसियस कॉलेज सदर में बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र था। पिछले कुछ दिनों से वह अपने दोस्तों से अवसाद में होने और आत्महत्या करने की बार-बार इच्छा होने की बात भी कह रहा था। इसके पश्चात पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर परिजनों को भी सूचित किया और पोस्टमार्टम के लिए शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रवाना किया।
प्रारंभिक पड़ताल में यह बात सामने आई है कि मृतक का किसी युवती के साथ प्रेम संबंध चल रहा था और बीते कुछ दिनों से बातचीत बंद होने के कारण वह अवसाद में था और संभवतःइसी के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया है। जिसकी विवेचना शुरु कर दी गई है।
