Spread the love

मंत्री पटेल का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया था

गुना | पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के बयान, जिसमें उन्होंने जनता को भीख मांगने वाला कहा, के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने मंत्री पटेल को बर्खास्त करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
मंत्री के बयान से जनता आहत, कांग्रेस ने जताई आपत्ति
मंत्री पटेल ने अपने बयान में कहा था कि जब वे किसी कार्यक्रम में जाते हैं, तो लोग ज्ञापन देने के नाम पर भीख मांगने के लिए कटोरा लेकर खड़े हो जाते हैं। इस बयान से जनता में रोष फैल गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह न केवल आम जनता का अपमान है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी विरुद्ध है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस बयान की निंदा की और कहा कि जनता की समस्याओं को उठाना उनका अधिकार है, इसे भीख मांगना कहना असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
हनुमान चौराहे पर हुआ था पुतला दहन, सडक़ों पर प्रदर्शन
शनिवार को ज्ञापन सौंपने के पहले भी विगत दिवस कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हनुमान चौराहे पर मंत्री पटेल का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया था। इस दौरान ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मंत्री को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मंत्री ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो आंदोलन तेज किया जाएगा।कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से अपील की कि मंत्री पटेल को उनके पद से हटाया जाए ताकि लोकतंत्र की गरिमा बनी रहे और जनता का सम्मान सुरक्षित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *