
घमापुर के सिद्धबाबा क्षेत्र में घटना से सनसनी
जबलपुर। घमापुर थाना अतंर्गत सिद्धबाबा क्षेत्र में घर के अंदर मां-बेटे की लाश फांसी पर लटकी मिली| दरवाजा अंदर से बंद था| वृद्धा अपने छोटे बेटे के साथ घर पर अकेले रहती थी, जबकि उसका बड़ा बेटा अधारताल में अलग रहता था| पुलिस ने बड़े बेटे को फोन पर सूचना देकर बुलाया और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया, जहां अंदर मां बेटे की लाश फांसी पर लटकी मिली| पुलिस ने दोनों ही शवों को उतारने के बाद पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया मर्ग कायम कर मामलें की जांच की जा रही है|
घमापुर थाना प्रभारी सतीश अंधवान ने बताया कि 60 वर्षीय मृतिका माया रैकवार अपने छोटे बेटे 36 वर्षीय अजय रैकवार के साथ रहा करती थी। उसका बेटा मजदूरी करता था और बड़ा बेटा विनोद रैकवार परिवार के साथ आधारताल में किराए के मकान में रहता है। मंगलवार की सुबह विनोद ने जब छोटे भाई को फोन किया तो उसने रिसीव नहीं किया, काफी देर तक कॉल करने के बाद भी जब अजय ने फोन नहीं उठाया तो वह काम पर चला गया।
दोपहर करीब 12 बजे पड़ोस में रहने वाले लोगों ने सूचना दी की आज सुबह से ही मां और बेटे घर से बाहर नहीं निकले है, और दरवाजा अंदर से बंद है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों ही शवों को बाहर निकाला। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से किसी भी तरह का सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। फिलहाल मर्ग कायम कर मां-बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है| पुलिस मर्ग कायम कर मामलें की जांच कर रही है| चूंकि दरवाजा अंदर से बंद था प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है| आत्महत्या के कारणों का खुलासा जांच के बाद हो सकेगा|
