ग्वालियर। शहर के कास्मो आनंदा में एक 12 साल की बच्ची ने एक 4 साल के बच्चे का अपहरण कर पहले उसकी हत्या की फिर उसके शव को गड्ढे में दफना दिया। आरोपी 12 साल की बच्ची को हिरासत लेने के बाद उसकी निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद हुआ है। शव भवन निर्माण में पिलर गाड़ने के लिए खोदे गए गड्ढे में मिला है। जिसमें बच्चा सिर के बल उल्टा गड़ा हुआ था और ऊपर से पत्थर व मिट्टी भरी हुई थी।
उत्तर प्रदेश के ललितपुर माहूलेन गांव के 27 वर्षीय रामकुमार वंशकार ग्वालियर में दो महीने से मजदूरी के लिए परिवार के साथ ग्वालियर आया है। परिवार में पत्नी के अलावा उनके चार बच्चे हैं। दूसरे नंबर के बच्चे देवराज की उम्र चार साल है। मंगलवार को रामकुमार और उसकी पत्नी काम के लिए कॉस्मो आनंदा गए थे। तब चार साल का बच्चा देवराज वहां पर अपने भाई-बहन के साथ खेल रहा था। दोपहर 12 बजे पास ही रहने वाली एक 12 साल की बच्ची के साथ बेर तोड़ने के लिए गया था। इसके बाद उसकी मां वहां पहुंची तो देवराज नहीं मिला। पड़ोस की 12 साल की बच्ची ने बताया कि वह उसे वापस उसी स्थान पर छोड़कर चली गई थी।
जब बच्चे का पता नहीं चला तो पति को सूचना दी। सूचना मिलते ही पति और अन्य साथी देवराज को तलाश करने लगे लेकिन कोई पता नहीं चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। बुधवार रात 9 बजे बच्चे का शव घर से 100 मीटर की दूरी पर एक निर्माणधीन प्लॉट के पिलर के लिए खोदे गए गड्ढे में मिला। उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस ने बताया कि इस संवेदनशील मामले में 12 साल की बच्ची से पूछताछ की जा रही है। वह लगातार अलग अलग कहानियां सुनाकर पुलिस को गुमराह करती रही ।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि बच्ची की निशानदेही पर बच्चे के शव को बरामद किया है बच्ची को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है पूछताछ के बाद और पीएम रिपोर्ट के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
