
छिंदवाड़ा – चैत्र वदी नवमी रविवार के शुभ दिन मध्य प्रदेश की धर्म नगरी छिंदवाड़ा सहित सम्पूर्ण विश्व की सकल जैन समाज ने जैन दर्शन में वर्तमान चौबीसी के प्रथम तीर्थंकर 1008 आदिनाथ भगवान ऋषभदेवजी का मंगलकारी जन्म एवं तपकल्याणक महोत्सव विविध अनुष्ठानों के साथ भक्ति भाव पूर्वक मनाया।
जिनशासन सेवक दीपक राज जैन ने बताया कि इस मांगलिक प्रसंग पर नगर के समस्त दिगंबर जिनालयों सहित चैत्यालयों में प्रातःकाल की मंगल बेला पर बड़ी संख्या में श्रावक – श्राविकाओं ने वीतराग देव – शास्त्री – गुरु भगवन्तों के साथ श्री आदिनाथ भगवान की पूजन की पश्चात श्री आदिनाथ विधान के साथ श्री भक्तांबर महामंडल विधान में हिस्सा लेकर तीर्थंकर आदिनाथ भगवान सहित तीन कम नौ करोड़ दिगंबर महामुनिराजों का गुणगान कर आदिनाथ भगवान के मंगलकारी जन्म एवं तपकल्याणक महोत्सव की अनुमोदना कर उनके पावन चरणों में नमोस्तु किया।
इस अवसर पर विविध महिला मंडल द्वारा श्री आदिनाथ जिनालयों में भजन के माध्यम से जन्मकल्याणक की खुशियां मनाई और श्रीआदि प्रभु का गुणगान किया गया। मंगलकारी जन्म एवं तप कल्याणक की खुशी में अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन द्वारा सर्वोदय अहिंसा अभियान के तहत अहिंसा प्रेमी दीपक राज जैन ने जियो ओर जीने दो की पवित्र भावना से ग्रीष्मकाल में मूक पशु पक्षियों के लिए जलपात्रों का वितरण किया ओर अहिंसा प्रेमियों से उसमें दाना पानी रखने की अपील की।
