Spread the love

जल की एक – एक बूंद अमृत समान है – दीपक राज जैन

छिंदवाड़ा – मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था आधार फाउंडेशन एवं दिव्यांग जनों के लिए समर्पित राष्ट्रीय संस्थान सक्षम के संयुक्त तत्वाधान में विश्व जल दिवस के अवसर पर आधार फाउंडेशन में कार्यशाला का आयोजन किया गया एवं रैली निकालकर जनमानस को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई और वृक्षारोपण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सर्वोदय अहिंसा के प्रदेश संयोजक एवं नगर पालिक निगम स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर समाजसेवी दीपकराज जैन उपस्थित रहे उन्होंने कहा कि जल है तो कल है, जल ही जीवन है, जल की एक – एक बूंद अमृत समान है, हमें जल का संरक्षण करना है और अधिक से अधिक वर्षा हो इसलिए हमें अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण तो करना ही है और उन वृक्षों को जीवित भी रखना है ताकि पर्यावरण संरक्षण हो सके।
इस अवसर पर आधार फाउंडेशन के संस्थापक और सक्षम के जिला अध्यक्ष इंजीनियर महेश किंथ ने कहा कि हमें जल का उपभोग नहीं, जल का सदुपयोग करना है। एक – एक बूंद से घड़ा भरता है और एक – एक घड़े से समुद्र बनता है, अतः जल को बचाना हम सभी का परम कर्तव्य है। जल संरक्षण की अपील करते हुए आधार फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं संचालिका सरिता बिलासराव पांडे ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिक निगम स्वच्छता दूत शीतल जैन ने सभी से छिंदवाड़ा को स्वच्छ – स्वस्थ एवं सुंदर बनाने की अपील करते हुए स्वच्छता हेतु फीडबैक कराया।
समारोह में बिंदु यादव, सुमित्रा पवार, अनीता भलावी, मीना सरयाम, अर्पणा भारत, ममता कमरे, शकुंतला वर्मा, ज्योति चौकसे, ओमप्रकाश ओकटे, अशोक धाकड़े, उषा डेहरिया, निशा, लक्ष्मी भालेकर, धैर्य पांडे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए और सभी ने अपने सुंदर विचार रखकर जल को जीवन बताया एवं उसके संरक्षण की बात करते हुए विश्व जल दिवस की शुभकामनाएं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *