
जबलपुर। आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) में गुरुवार की सुबह मैग्जीन से बारूद लेने के लिए गए कर्मचारी पर अचानक मादा तेंदुआ ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि मादा तेंदुआ अपने दो बच्चों के साथ मौजूद थी, संभवत: उसी समय पहुंचे कर्मचारी के पहुंचने पर मादा आक्रामक हो गई। मादा तेंदुआ ने कर्मचारी के पीछे से पैर पर हमला किया। कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई लेकिन दहशत में उसकी हालत बिगड़ गई, जिसे प्राथमिक इलाज दिया गया| मौके पर वन विभाग का अमला पहुंचा और मादा तेंदूए को रेस्क्यू कर उसे विटरनरी कॉलेज लाया गया जहां तेंदुए का परीक्षण किया जा रहा है| उसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा|
वन परिक्षेत्र अधिकारी जबलपुर अपूर्व शर्मा ने बताया कि ओएफके में बच्चों के साथ मादा तेंदुए देखे जाने की सूचना मिली थी, रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया है। शावक नहीं मिले गए, लेकिन मादा तेंदुए को रेस्क्यू कर लिया गया|
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ओएफके एफ -6 सेक्शन के कर्मी सुबोजित रॉय सुबह किसी काम के सिलसिले में समीप ही विस्फोट व अन्य सामाग्री रखने वाली मैग्जीन के पास गए हुए थे। तभी सुबोजित रॉय पर पीछे से तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए ने सुबोजित के पैर पर हमला किया, लेकिन जैसे ही उन्होने ने खुद को संभाला तो हमलावर तेंदुआ भाग गया। अचानक हुए हमले से कर्मचारी का बीपी लो हो गया था और असहज महसूस होने लगा था। सुबोजित को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया| घटना की सूचना मिलते ही ओएफके सुरक्षा विभाग का अमला अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे| यहां उल्लेखनीय है कि ओएफके में अक्सर तेंदुओं की चहलकदमी देखी जाती है लेकिन तेंदुए ने कभी हमला नहीं किया| संभवत: यह पहला मामला होगा,जब निर्माणी में मौजूद तेंदुए ने किसी कर्मचारी पर हमला किया हो।
