Spread the love

गुना | मरीजों की आपातकालीन सेवा के लिए दी गई एक सरकारी एंबुलेंस का उपयोग फल ढोने के लिए किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना उस समय उजागर हुई जब स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को मंडी में खड़ा देखा और उसमें से फल उतारते हुए चालक को पकडऩे की कोशिश की। घटना गुरूवार सुबह शहर के पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में घटी, जब कुछ स्थानीय लोग मंडी के पास मौजूद थे। उन्होंने देखा कि सरकारी अस्पताल की एक एंबुलेंस में फल भरे हुए थे और चालक उन्हें मंडी में उतार रहा था। पहले तो लोगों को यह देखकर संदेह हुआ, लेकिन जब उन्होंने पास जाकर इस पर सवाल उठाया, तो स्थिति स्पष्ट हो गई।
स्थानीय लोगों द्वारा रोकने की कोशिश करने पर चालक घबरा गया और आधा सामान उतारकर एंबुलेंस लेकर भाग निकला। इस घटना से वहां मौजूद लोग हैरान रह गए और उन्होंने इस लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। जानकारी के अनुसार, यह एंबुलेंस एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम से लैस थी और इसे जिले के अस्पताल को गंभीर मरीजों की मदद के लिए उपलब्ध कराया गया था। लेकिन इसका उपयोग गलत तरीके से किया जा रहा था, जिससे सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। फिलहाल, यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है, और लोग प्रशासन से इस पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस घटना ने सरकारी सुविधाओं के दुरुपयोग पर एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *