
गुना | भारतीय जैन मिलन क्षेत्र क्रमांक 12 का 26वां वार्षिक क्षेत्रीय अधिवेशन भगवान महावीर विहार में संपन्न हुआ। अधिवेशन की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष इंजीनियर पी.के. जैन ने की, जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय जैन मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक हरि सिंह रघुवंशी, पत्रकार विजय कुमार जैन, सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र यादव, जिला पंचायत सदस्य गायत्री नरेंद्र रघुवंशी, व्यापार महासंघ अध्यक्ष विपिन तिवारी और नागरिक सेवा समिति अध्यक्ष कांति भाई शाह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अधिवेशन में गुना, अशोकनगर, चंदेरी, भोपाल, विदिशा, सहराई, देवास, राघौगढ़, गंजबासौदा, सिरनोटा आदि स्थानों की 60 से अधिक शाखाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेवा दल के दिव्या घोष के साथ ध्वजारोहण से हुआ। शाखाओं के प्रतिनिधियों ने भोजन की बर्बादी कैसे रोकें एवं बचे हुए भोजन का सदुपयोग कैसे करें विषय पर स्लोगन और बैनर प्रदर्शित किए। मंचीय कार्यक्रम में राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री शांति देवी ने उद्घाटन किया, जबकि स्वागत भाषण अनीता जैन और प्रणय जैन ने दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने भोजन की बर्बादी रोकने के उपायों पर चर्चा की। विधायक हरि सिंह रघुवंशी ने कहा कि अन्न को देवता माना जाता है, अत: हमें शादी-विवाह और बड़े आयोजनों में भोजन की बर्बादी रोकनी चाहिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय जैन ने जैन मिलन की 1588 शाखाओं द्वारा किए जा रहे सामाजिक और धार्मिक कार्यों की जानकारी दी। सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र यादव ने जैन समाज के सेवा कार्यों को प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम में महिला जैन मिलन गंजबासौदा द्वारा महावीर प्रार्थना प्रस्तुत की गई। मिलन गीत पर नृत्य भाग्यश्री जैन ने किया, जबकि भोजन की बर्बादी रोकने पर महिला जैन मिलन गंजबासौदा ने नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं के अध्यक्षों, मंत्रियों और सदस्यों को सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वीर ऑफ द ईयर का पुरस्कार अर्पित जैन (चंदेरी) और सतीश जैन (गंजबासौदा) को दिया गया। वीरांगना ऑफ द ईयर का पुरस्कार सपना सुरेंद्र जैन (भोपाल) और मोना पुनीत जैन (गंजबासौदा) को प्रदान किया गया।
बैनर प्रतियोगिता में जैन मिलन गुना, महिला जैन मिलन गुना, जैन मिलन सेंट्रल अशोकनगर ने जीत हासिल की। सुंदर वेशभूषा प्रतियोगिता में महिला जैन मिलन त्रिमूर्ति गंजबासौदा, अरिहंत विदिशा, और कैंट गुना को पुरस्कृत किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में साक्षी जैन, मोना जैन, रश्मि जैन, अंशुल जैन, सुरभि जैन और दीपाली जैन विजयी रहीं। मानव दूरी प्रतियोगिता में जैन मिलन गुना और महिला जैन मिलन कैंट गुना को पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में लकी ड्रॉ में वीरांगना साधना जैन (महिला जैन मिलन कैंट गुना) को एंड्रॉयड मोबाइल प्रदान किया गया। भारतीय जैन मिलन क्षेत्र क्रमांक 12 के पदाधिकारियों को आयोजन समिति ने सम्मान शील्ड देकर सम्मानित किया। अधिवेशन का संचालन हर्षिता जैन और क्षेत्रीय अध्यक्ष इंजीनियर प्रदीप कुमार जैन ने किया।
