Spread the love

कुल्लू । हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल मणिकर्ण में बड़ा हादसा हुआ। गुरुद्वारे के पास अचानक भूस्खलन होने से छह लोगों की मौत हुई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद प्रशासन और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार गुरुद्वारे के पास की पहाड़ी से अचानक भूस्खलन हुआ। इस दौरान एक विशाल चीड़ का पेड़ मलबे के साथ नीचे गिरा और सड़क किनारे खड़े तीन से चार वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इन वाहनों में कई लोग सवार थे, जिसमें कुछ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। भूस्खलन के कारण वहां मौजूद श्रद्धालुओं और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना होते ही लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को मलबे से निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन व फायर ब्रिगेड की टीमें राहत कार्य में जुट गईं।
प्रशासन ने बताया कि अब तक 6 लोगों की मौत की सूचना है और कुछ लोग घायल हुए हैं। फिलहाल मृतकों व घायलों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी से गिरे मलबे को हटाने का कार्य जारी है और अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *