Spread the love

मार्ग की मरम्मत कराए जाने की मांग, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बालाघाट-गोंगलई-नवेगांव बायपास मार्ग का मामला

बालाघाट। बालाघाट-गोंगलई-नवेगांव बायपास मार्ग अब पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। मार्ग से धुल का गुबार उड़ रहा है। धुल उडकऱ ग्रामीणों के घरों तक पहुंच रही है। इतना ही नहीं मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को भी आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गोंगलई के ग्रामीणों ने इसका विरोध जताना शुरु कर दिया है। बुधवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मार्ग की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरेखा रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिसके चलते प्रशासन ने वैकल्पिक रुप से बालाघाट-गोंगलई-नवेगांव बायपास मार्ग बनाया है। लेकिन मार्ग को सही ढंग से निर्माण नहीं किया है। इस मार्ग से रोजाना लोडेड वाहन गुजर रहे हैं। जिसके कारण मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। गोंगलई से लेकर भमोड़ी और गोंगलई से नवेगांव रेलवे क्रॉसिंग तक मार्ग से धुल का गुबार उड़ रहा है। राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। हमेशा दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। खासतौर पर स्कूल विद्यार्थियों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पूर्व में भी इसकी शिकायत की गई। लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। जिसके कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि उक्त बायपास मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *