Spread the love

बालाघाट-मंडला जिले की सीमा में मुठभेड़, दो महिला नक्सली ढेर, जिले में हाई हाई अलर्ट
घटना स्थल से जवानों ने एक एसएलआर, एक भरमार बंदूक, वायरलेस सेट किया जब्त

बालाघाट। बालाघाट और मंडला जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में बुधवार की सुबह जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना में दो इनामी महिला नक्सलियों की मौत हो गई। अन्य नक्सलियों के घायल होने की संभावना जताई जा रही है। मुठभेड़ में मारी गई महिलाओं की पहचान प्रमिला उर्फ मासे मंडावी 29 वर्ष निवासी पालीगुडेम गांव चिंतलनार, सुकमा छग और ममता उर्फ रामबाई मंडावी 29 निवासी मुरकुड़ी थाना कोरची जिला गढ़चिरौली महाराष्ट्र राज्य के रुप में की गई है। मृत दोनों महिला नक्सलियों पर 14-14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। घटना स्थल से जवानों ने एक एसएलआर, एक भरमार बंदूक, वायरलेस सेट और दैनिक उपयोग की सामग्री जब्त की है। मुठभेड़ के बाद बालाघाट जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जंगलों में सर्चिंग बढ़ा दी गई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को मंडला जिले में नक्सल उन्मूलन में लगे हॉकफोर्स के जवान सर्चिंग कर रहे थे। सुबह करीब 6 बजे बिछिया थाना क्षेत्र के मुंडीदादर और गन्हेरिदादर के जंगल में जवानों का नक्सलियों से आमना-सामना हो गया। जवानों को देखकर नक्सलियों ने फायरिंग शुरु कर दी। जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। घटना में दो इनामी महिला नक्सली ढेर हो गई। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में अन्य नक्सलियों के भी घायल होने की संभावना है। जिसकेचलते जवानों ने जंगल में सर्चिंग तेज कर दी है। चप्पे-चप्पे पर निगाहें रखी जा रही है। नक्सलियों के आवागमन वाले क्षेत्रों को पुलिस ने टारगेट करके रखा है। ताकि नक्सली किसी भी वारदात को अंजाम न दे सकें। जवानों की सक्रियता के चलते नक्सलियों के हौंसले पस्त है।
कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र में लगातार बढ़ रहा है मूवमेंट
बालाघाट और मंडला जिले में स्थित कान्हा नेशनल पार्क में नक्सलियों का मूवमेंट लगातार बढ़ते जा रहा है। इसके पूर्व बालाघाट जिले में तैनात जवानों ने भी नक्सलियों की मार गिराया था। बावजूद इसके नक्सली अपना नया ठिकाना तलाशने के लिए कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा रहे हैं। हालांकि, जवानों की सक्रियता के चलते नक्सली अपने मंसूबों पर कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। इसके अलावा लांजी, किरनापुर, दक्षिण बैहर क्षेत्र में भी नक्सलियों का मूवमेंट बना हुआ है। लेकिन नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम नहीं दे पा रहे हैं। हाल ही में नक्सलियों ने लांजी थाना क्षेत्र में बेनर, पोस्टर बांधकर अपनी मौजूदगी का एहसास कराया था। बीते दो वर्ष में मुठभेड़ में आधा दर्जन इनामी नक्सली मारे गए हैं। जिसके चलते नक्सलियों की पकड़ ग्रामीणों में कम हो गई है। जिसके चलते नक्सलियों का मूवमेंट भी कम हो गया था। लेकिन एक बार फिर से नक्सलियों ने अपनी सक्रियता शुरु कर दी है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में रखी जा रही है निगाहें
बालाघाट जिला छग राज्य के कवर्धा कबीर धाम , राजनांदगांव और मंडला जिले से भी जुड़ा हुआ है। वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र राज्य के गोंदिया जिले की सीमा भी जिले से लगी हुई है। इन तीनों ही क्षेत्रों में जंगल अधिक है। जिसके चलते नक्सली छग और महाराष्ट्र राज्य से जंगल के रास्ते बालाघाट जिले में पहुंचते हैं। नक्सलियों ने दक्षिण बैहर क्षेत्र को छोडकर अब कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र को अपना ठिकाना बनाना प्रारंभ कर दिया है। कान्हा नेशनल पार्क के कोर एरिया में नक्सली खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। इन्हीं क्षेत्रों में जवान लगातार चौकसी करते रहते हैं। जवानों की सक्रियता के चलते नक्सली अपना ठिकाना भी बदल रहे हैं।
हॉक फोर्स, सीआरपीएफ, पुलिस के जवान कर रहे सर्चिंग
कान्हा नेशनल पार्क सहित जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नक्सलियों के मंसूबों को विफल करने के लिए हॉक फोर्स, सीआरपीएफ और पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाला हुआ है। एसपी के निर्देशन में जवान नक्सलियों के मंसूबों को लगातार विफल कर रहे हैं। उनके ठिकानों को ध्वस्त भी कर रहे हैं। बताया गया है कि जिले में नक्सली अलग-अलग दलों में सक्रिय हैं। मौजूदा समय में एक दल में नक्सलियों की संख्या 6 से 12 या इससे अधिक है। इन नक्सलियों की कमान बाहर राज्यों से आए नक्सलियों ने संभाली है। इन नक्सलियों की भाषा भी अलग है, जो स्थानीय ग्रामीणों के समझ से परे है।
19 फरवरी को बालाघाट पुलिस ने भी ढेर किए थे चार महिला नक्सली
नक्सल विरोध अभियान के तहत 19 फरवरी को सर्च अभियान के दौरान हॉकफोर्स और जिला पुलिस बल के जवानों का गढ़ी थाना क्षेत्र के रौंदा फारेस्ट एरिया में नक्सलियों से आमना-सामना हो गया था। नक्सलियों ने पुलिस जवानों पर फायरिंग कर दी थी। इस मुठभेड़ में भोरमदेव एरिया कमेटी की चार इनामी महिला नक्सली ढेर हो गई थी। जिसमें 20 लाख रुपए की इनामी महिला नक्सली कमांडर आशा, 14-14 लाख रुपए की महिला नक्सली एसीएम शीला उर्फ पदम उर्फ सरिता, रंजिता और लख्खे मरावी शामिल है। वहीं 2 अप्रैल को मंडला जिले के जवानों ने 14-14 लाख रुपए की इनामी महिला नक्सली प्रमिला उर्फ मासे मंडावी और ममता उर्फ रामबाई मंडावी को मार गिराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *