
भोपाल। हबीबगंज पुलिस ने ब्यूटीशियन की शिकायत पर युवक के खिलाफ शादी करने का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म करने का मामला कायम किया है। पीड़िता के अधिक दबाव बनाने पर आरोपी ने बीते दिनो उसके साथ जमकर मारपीट कर डाली। इसके बाद मामला थाने जा पहुंचा, पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अरेरा कॉलोनी में रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने अपनी शिकायत में बताया की वह ब्यूटीशियन है, और एक पार्लर में काम करती है। साल 2022 में उसकी पहचान कॉमन फ्रेंड के जरिये अशोका गार्डन में रहने वाले रौनक सिंह उर्फ राजू ठाकुर से हुई थी। जल्द ही उनके बीच दोस्ती हो गई और मुलाकातो के बाद मामला प्रेम प्रसंग तक पहुंच गया। आरोप है की 1 जनवरी 2023 में रौनक सिंह उसे बहाने से अरेरा कॉलोनी में स्थित जीवन बिहार अपार्टमेंट के फ्लैट पर ले गया। वहॉ उसने उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ शारीरिक सबंध बना डाले। पीड़िता ने जब उसका विरोध किया तब आरोपी ने उससे कहा कि वह उससे प्यार करता है, और जल्द ही उसके साथ शादी कर लेगा। उस पर भरोसा करते हुए युवती उस समय चुप रही। इसके बाद आरोपी लगातार उसका दैहिक शोषण करता रहा। पीड़िता जब भी शादी करने की बात कहती तब वह कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देता था। बाद में उसका व्यवहार उसके प्रति बदलने लगा। यह देख पीड़िता ने उस पर लगातार शादी करने का दबाव डालना शुरु किया। कुछ दिन पहले युवती द्वारा फिर शादी का कहने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और चला गया। पीड़िता ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया लेकर जब उससे कोई संपर्क नहीं हो सका तब पीड़िता थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज करा दिया।